Saturday, September 12, 2026

ब्रिगेडियर उपेंद्र सिंह कौशल ने संभाली रामगढ़ छावनी परिषद की कमान, पहली बैठक में दो प्रस्ताव मंजूर.

Share

रामगढ़: पंजाब रेजिमेंटल सेंटर रामगढ़ के नवनियुक्त कमांडेंट सह स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर उपेंद्र सिंह कौशल ने शनिवार को रामगढ़ छावनी परिषद के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने अध्यक्ष पद की शपथ भी ली। इस दौरान छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह, रामगढ़ विधायक ममता देवी सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

छावनी से पुराना जुड़ाव, शहर को बेहतर बनाने पर जोर

पदभार संभालने के बाद ब्रिगेडियर कौशल ने कहा कि रामगढ़ छावनी से उनका पुराना संबंध रहा है। इससे पहले भी वह यहां मेजर के पद पर तैनात रह चुके हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना होगी। साथ ही रामगढ़ शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, ताकि शहर में भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो सकें।

पहली बैठक में दो प्रस्तावों पर लगी मुहर

नए अध्यक्ष के पदभार ग्रहण करने के बाद छावनी परिषद के सभागार में परिषद की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्रिगेडियर उपेंद्र सिंह कौशल ने की, जबकि मुख्य अधिशासी अधिकारी सह सदस्य सचिव विवेक सिंह ने बैठक का संचालन किया। विधायक ममता देवी भी बैठक में उपस्थित रहीं।

बैठक में एजेंडे में शामिल दोनों प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। भवन निर्माण से जुड़े 10 ऑनलाइन आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा सर्वे नक्शा संख्या 48 में संशोधन के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।

नक्शे में बदलाव के बाद बाजार, पार्क और अन्य जरूरी निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होने की उम्मीद जताई गई है।

Read more

Local News