Tuesday, September 15, 2026

ब्राजील में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप खेलेंगी झारखंड की पृथ्वी उरांव और अनोखी कुमारी.

Share

रांची: झारखंड की दो युवा एथलीटों पृथ्वी उरांव और अनोखी कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। दोनों का चयन ब्राजील में होने वाली अंडर-17 विश्व विद्यालयीन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 8 दिसंबर तक किया जाएगा।

अलग-अलग स्पर्धाओं में उतरेंगी दोनों खिलाड़ी

चैंपियनशिप में पृथ्वी उरांव लंबी कूद में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जबकि अनोखी कुमारी 400 मीटर बाधा दौड़ में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।

दोनों खिलाड़ी फिलहाल हजारीबाग में आवासीय व्यवस्था के तहत प्रशिक्षण ले रही हैं। दोनों का संबंध किसान परिवारों से है। सीमित संसाधनों के बीच अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

गोवा में ढाई महीने का विशेष प्रशिक्षण

ब्राजील में प्रतियोगिता से पहले दोनों एथलीटों की तैयारी को और मजबूत करने के लिए गोवा में ढाई महीने का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यहां वे फिटनेस के साथ-साथ अपनी तकनीक और प्रदर्शन को बेहतर करने पर काम करेंगी।

उनकी तैयारी में कोच नीरज रॉय और अनुकंपा रूंडा का मार्गदर्शन अहम रहा है।

दोनों खिलाड़ियों का किया गया सम्मान

इस उपलब्धि के बाद खेल प्रशासक एवं समाजसेवी हर्ष अजमेरा ने पृथ्वी उरांव और अनोखी कुमारी को सम्मानित किया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को आगे की तैयारियों में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

झारखंड की इन दोनों खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन से राज्य के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। ग्रामीण और किसान परिवारों से आने वाली इन प्रतिभाओं की उपलब्धि को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

Read more

Local News