Tuesday, September 15, 2026

बोकारो में माकपा का प्रदर्शन, जनमुद्दों को लेकर डीसी को सौंपा मांगपत्र.

Share

बोकारो: जनसमस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर माकपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बोकारो समाहरणालय के बाहर प्रदर्शन किया। इससे पहले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बोकारो हवाई अड्डे से पैदल मार्च करते हुए समाहरणालय पहुंचे।

प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र की नीतियों का असर मजदूरों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और छात्रों पर पड़ रहा है। उनके अनुसार, विभिन्न वर्गों में असंतोष बढ़ रहा है और लोग अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने को मजबूर हैं।

प्रकाश विप्लव ने झारखंड सरकार के कामकाज पर भी असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार का प्रदर्शन अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा है। साथ ही राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी उन्होंने चिंता जाहिर की।

उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों का राजनीतिक लाभ भाजपा उठाने का प्रयास कर रही है। वहीं, उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से की गई पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों को लेकर युवाओं में बनी नाराजगी को सरकार ने समझा है और बातचीत के जरिए समाधान की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

माकपा नेता ने राज्य सरकार से जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर जल्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई मांगों और समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री पहले भी सदन के भीतर और बाहर आश्वासन दे चुके हैं, इसलिए अब उन पर अमल होना चाहिए। सभा को जिला सचिव भागीरथ शर्मा ने भी संबोधित किया।

विस्थापन आयोग बनाने समेत कई मांगें

प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को मांगपत्र सौंपा। इसमें विस्थापन आयोग का जल्द गठन, अनुसूचित क्षेत्रों में ग्रामसभा की सहमति को नजरअंदाज कर किए जा रहे खनन पर रोक और आदिवासी व ग्रामीण रैयतों को उचित मुआवजा देने जैसी मांगें रखी गईं।

इसके अलावा प्रभावित लोगों के पुनर्वास और पात्र लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी मांगपत्र में शामिल रही।

प्रदर्शन में राज कुमार गोरांई, रामचन्द्र ठाकुर, श्याम बिहारी सिंह दिनकर, विश्वनाथ बनर्जी, प्रदीप विश्वास, विनय महतो, रेणु दास, मनोज पासवान और अनिल बाउरी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Read more

Local News