Tuesday, May 12, 2026

बोकारो में भारी मात्रा में दस्तावेज जंगल से बरामद किया गया है.

Share

बोकारो: शहर के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के जंगल में भारी मात्रा में दस्तावेज बरामद किए गए हैं. जिसमें सैकड़ों वोटर आईडी कार्ड, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड मिले हैं. संवेदनशील दस्तावेज शहर के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र स्थित टीवी टावर से सेक्टर-11 जाने वाली सड़क किनारे फेंका गया था.

पुलिस ने दस्तावेजों को जब्त कर शुरू की जांच

भारी मात्रा में वोटर आईडी कार्ड, ATM कार्ड और PAN कार्ड मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची सेक्टर 6 थाना की पुलिस ने सभी दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है. बरामद दस्तावेजों में अधिकांश की वैधता वर्ष 2027 से 2030 तक बताई जा रही है.

स्थानीय लोगों ने जंगल में बड़ी संख्या में कार्ड बिखरे होने की जानकारी पुलिस को दी थी. सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 500 वोटर आईडी कार्ड, 70 ATM कार्ड और 25 PAN कार्ड बरामद किए. शुरुआती जांच में अधिकांश वोटर कार्ड पर एड्रेस गलत पाया गया है.

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाईः डीसी

इस मामले में बोकारो के डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि एक साथ इतनी मात्रा में वोटर कार्ड, आधार कार्ड और ATM कार्ड मिलना जरूर संदेह पैदा करता है. जांच की जा रही है कि इतनी भारी मात्रा में कार्ड कहां से आया और किसका कार्ड है. इन कार्डों से क्या फर्जी काम किया जा रहा था. मामले में जांच के बाद जो रिपोर्ट आएगी उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी. बोकारो डीसी ने कहा कि हम लोग जीरो टॉलरेंस पर काम कर रहे हैं, जो भी लोग सिस्टम से बाहर जाकर काम करेंगे उन पर कार्रवाई होगी.

Read more

Local News