बोकारो: जिले के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए बोकारो समाहरणालय में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 22 आवेदन और शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें जमीन से जुड़े विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, बिजली, राशन कार्ड सहित जनहित से संबंधित कई मामले शामिल रहे।
सभी मामलों को प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्राप्त मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनके आवेदन पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
आम लोगों की समस्याओं के समाधान पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध तरीके से समाधान करना है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है और संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए जाते हैं।
कई अधिकारी रहे मौजूद
जनता दरबार के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून, एडी डीएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
