Thursday, August 13, 2026

बोकारो पुलिस ने तीन महीने में 1663 मामलों का किया निपटारा, अपराध नियंत्रण पर बढ़ा जोर.

Share

बोकारो: जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर बोकारो पुलिस ने मई से जुलाई 2026 के बीच उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। पुलिस के अनुसार इस अवधि में विभिन्न थानों में 1023 मामले दर्ज हुए, जबकि कुल 1663 मामलों का निष्पादन किया गया। अधिकारियों का कहना है कि पुराने मामलों के निपटारे पर लगातार निगरानी का परिणाम यह आंकड़ा है।

मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि जिले के पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बेहतर समन्वय के साथ काम किया। मामलों के शीघ्र निष्पादन से आम लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें न्याय के लिए लंबे समय तक पुलिस थानों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।

कई गंभीर मामलों का हुआ निपटारा

पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक तीन महीने के दौरान अपहरण के 119, दहेज एवं महिला उत्पीड़न के 129, हत्या व आत्महत्या से जुड़े 30, ठगी एवं गबन के 63 और पॉक्सो के 20 मामलों का निष्पादन किया गया।

इसी अवधि में कोयला व बालू तस्करी से जुड़े 43, नक्सल मामलों के 15, एससी-एसटी से संबंधित 45 और दुष्कर्म के 18 मामलों का भी निपटारा किया गया। साइबर ठगी के आठ, अवैध हथियार के पांच और छिनतई के पांच मामलों का निष्पादन भी पुलिस ने किया।

चोरी और सड़क दुर्घटना के मामलों पर भी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार वाहन चोरी के 111, सामान्य चोरी के 132 और गृहभेदन के 81 मामलों का निपटारा किया गया। सड़क दुर्घटना से जुड़े 156 मामलों में भी कार्रवाई पूरी की गई।

इसके अलावा लूट और डकैती के आठ, गांजा व अफीम से जुड़े चार, पशु क्रूरता के नौ और शराब से संबंधित 12 मामलों का भी निष्पादन किया गया। अन्य घटनाओं से जुड़े 650 मामलों को भी पुलिस ने निपटाया।

पुलिस-पब्लिक समन्वय पर रहेगा जोर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार लंबित मामलों के तेजी से निष्पादन से न्यायिक प्रक्रिया को गति देने और पीड़ितों को समय पर राहत दिलाने में मदद मिलेगी। आने वाले समय में भी लंबित मामलों की समीक्षा, त्वरित कार्रवाई और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है।

Read more

Local News