बोकारो: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित 12वीं कक्षा की सप्लीमेंट्री परीक्षा मंगलवार को जिले में निर्धारित दो परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
जिले में इस परीक्षा के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), सेक्टर-4 और चिन्मय विद्यालय, सेक्टर-5 को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। दोनों केंद्रों पर कुल 1,306 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
सीबीएसई के सिटी को-ऑर्डिनेटर एवं डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की सूचना नहीं मिली।
उन्होंने बताया कि प्रशासन, केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों और वीक्षकों के समन्वित प्रयास से परीक्षा का संचालन सुचारु रूप से किया गया। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से दोनों केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं।
उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार, डीपीएस बोकारो में पंजीकृत 843 विद्यार्थियों में से 804 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 39 छात्र अनुपस्थित रहे। वहीं चिन्मय विद्यालय में पंजीकृत 535 अभ्यर्थियों में से 502 ने परीक्षा दी और 33 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
गौरतलब है कि सीबीएसई की सप्लीमेंट्री परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाती है, जो कंपार्टमेंट श्रेणी में आते हैं या किसी विषय में अपने अंक सुधारने का अवसर चाहते हैं। इस वर्ष परीक्षा का आयोजन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया गया।
