Monday, September 28, 2026

बैंक हड़ताल स्थगित, 5-डे बैंकिंग पर हाई लेवल कमेटी बनेगी.

Share

जमशेदपुर: बैंक ग्राहकों और कारोबारियों के लिए राहत की खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल और अन्य आंदोलनकारी कार्यक्रमों को फिलहाल स्थगित कर दिया है। 27 सितंबर की रात भारतीय बैंक संघ (IBA) और UFBU के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया।

हड़ताल स्थगित होने के बाद जमशेदपुर के बिष्टुपुर, साकची, गोलमुरी, टेल्को समेत कोल्हान क्षेत्र में बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। महीने के अंतिम दिनों और त्योहारी कारोबार के दौरान प्रस्तावित हड़ताल से होने वाली संभावित परेशानी भी टल गई है।

5-डे बैंकिंग के लिए बनेगी हाई लेवल कमेटी

बैठक में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के मुद्दे पर IBA और UFBU की संयुक्त हाई लेवल कमेटी बनाने पर सहमति बनी। यह कमेटी सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने के प्रस्ताव पर ग्राहकों और अन्य संबंधित पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी।

इसके अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को लेकर बैंक यूनियनों की चिंताओं पर भी चर्चा आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है। आवश्यक संशोधनों के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही गई है।

लंबित मांगों पर बातचीत जारी रहेगी

दोनों पक्षों ने 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज कर्मचारियों के शेष मुद्दों के समाधान के लिए बातचीत जारी रखने पर भी सहमति जताई है। इन मामलों के जल्द निपटारे के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई।

बैठक में बनी सहमति के आधार पर UFBU ने प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल समेत अन्य आंदोलनकारी कार्यक्रमों को स्थगित करने का निर्णय लिया। यूनियनों के अनुसार, बैठक में हुई सहमति और आगे की प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी अलग सर्कुलर के माध्यम से साझा की जाएगी।

कारोबारियों और ग्राहकों को मिली राहत

बैंक हड़ताल टलने से जमशेदपुर के उद्योग जगत, थोक एवं खुदरा कारोबारियों, वेतनभोगियों और आम ग्राहकों को राहत मिली है। महीने के अंत और त्योहारी सीजन में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से चेक क्लीयरेंस, नकद लेन-देन और औद्योगिक भुगतान जैसे कामों पर असर पड़ सकता था।

UFBU में AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBOC और INBEF समेत बैंक कर्मचारियों के प्रमुख संगठन शामिल हैं।

UFBU से जुड़े रिंटू कुमार रजक के अनुसार, IBA और UFBU के बीच हुई बैठक में पांच दिवसीय बैंकिंग कार्यदिवस और PLI समेत लंबित मुद्दों के समाधान का आश्वासन दिया गया। इसके बाद प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया।

Read more

Local News