चिराग पासवान ने विपक्ष को आज एक नया नाम दिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि 225 से ज्यादा सीटें जीतकर हमलोग बिहार में एक मजबूत सरकार बनाने जा रहे हैं। साथ ही बीपीएससी अभ्यर्थियों पर किये गये लाठीचार्ज को उन्होंने गलत बताया।
लोजपा (राम विलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने विपक्ष पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि जो लोग भी इस बात का प्रयास कर रहे हैं और जो लोग भी मुंगेरी लाल का सपना देख रहे हैं कि एनडीए में किसी प्रकार की टूट हो जाएगी या किसी तरीके से कोई घटक दल टूटकर किसी गठबंधन की तरफ चला जायेगा, तो यह नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि एक बात तय है कि आगामी बिहार विधान सभा का चुनाव बिहार के पांचों घटक दल एक साथ पूरी मजबूती से न सिर्फ हमलोग चुनाव लड़ेंगे, बल्कि एनडीए की एक मजबूत सरकार बिहार विधान सभा चुनाव के बाद बनने जा रही है। चिराग पासवान ने कहा कि 225 से ज्यादा सीटें जीतकर हमलोग बिहार में एक मजबूत सरकार बनाने जा रहे हैं।
मैं लाठीचार्ज का कतई पक्षधर नहीं हूं
बीपीएससी अभ्यर्थियों पर किये गये लाठीचार्ज पर चिराग पासवान ने कहा कि मैं लाठीचार्ज का कतई पक्षधर नहीं हूं। उन्होंने कहा कि छात्रों की बातों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उनकी हर उचित मांग को पूरा किया जाना चाहिए। उनपर लाठी चलाया जाना कहीं से भी उचित नहीं है। हमेशा बातचीत का दरवाजा खुला रहना चाहिए, मैं इस बात का पक्षधर हूं।



