Sunday, June 14, 2026

बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ उठाने वाले 95 लाख 82 हजार पेंशनधारियों ने अब तक अपना लाइफ सर्टिफिकेशन करवा लिया है.

Share

बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े 95 लाख 82 हजार लाभुकों ने अब तक लाइफ सर्टिफिकेशन करा लिया है. समाज कल्याण विभाग ने बाकी पेंशनधारियों से भी जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है. विभाग का कहना है कि समय पर प्रमाणीकरण कराने से पेंशन भुगतान बिना किसी बाधा के जारी रहेगा.

बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ उठाने वाले 95 लाख 82 हजार पेंशनधारियों ने अब तक अपना लाइफ सर्टिफिकेशन करवा लिया है. समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता ने बताया कि राज्य के करीब 80 प्रतिशत लाभार्थियों ने यह प्रक्रिया पूरी कर ली है. मंत्री ने बचे हुए सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे बिना किसी देरी के जल्द से जल्द अपना जीवन प्रमाणीकरण करवा लें.

श्वेता गुप्ता ने कहा कि लाभार्थी अपने नजदीकी पंचायत स्तरीय शिविर या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर यह काम पूरी तरह मुफ्त में करवा सकते हैं, ताकि उनकी पेंशन की राशि बिना किसी रुकावट के लगातार उनके खाते में आती रहे. समाज कल्याण विभाग का पूरा प्रयास है कि सभी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और सही समय पर हकदार लोगों तक पहुंचे.

नए लोग भी कर सकते हैं आवेदन

पेंशन योजनाओं का लाभ सीधे और सही व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग प्रखंड और पंचायत स्तर पर इसकी कड़ी निगरानी कर रहा है. इसके साथ ही विभाग ने राज्य के उन सभी 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों से तुरंत आवेदन करने को कहा है, जिन्हें अभी तक किसी भी योजना के तहत पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है.

मधुबनी जिला सबसे आगे

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, लाइफ सर्टिफिकेशन कराने के मामले में मधुबनी जिला पूरे बिहार में सबसे आगे है. यहां सबसे ज्यादा 4 लाख 78 हजार लाभार्थियों ने अपना वेरिफिकेशन कराया है. इसके बाद पूर्वी चंपारण में 4 लाख 47 हजार, राजधानी पटना में 4 लाख 43 हजार और मुजफ्फरपुर में 4 लाख 24 हजार लोगों ने यह प्रक्रिया पूरी की है. इसी तरह समस्तीपुर जिले में 4 लाख 10 हजार और दरभंगा में 3 लाख 80 हजार पेंशनधारियों ने अपना लाइफ सर्टिफिकेशन पूरा करा लिया है.

इन छोटे जिलों में हुई सबसे कम प्रोग्रेस

दूसरी तरफ, राज्य के कुछ छोटे जिलों में जीवन प्रमाणीकरण की रफ्तार काफी धीमी रही है. सबसे कम शेखपुरा जिले में सिर्फ 62 हजार लाभार्थियों ने ही अब तक अपना वेरिफिकेशन कराया है. इसके बाद शिवहर जिले में 67 हजार, अरवल में 76 हजार और लखीसराय जिले में 96 हजार लोगों ने ही लाइफ सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया को पूरा किया है. विभाग इन जिलों में तेजी लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है.

Table of contents [hide]

Read more

Local News