Sunday, April 26, 2026

बिहार में सरकारी नौकरियों का दौर चल रहा है, सिपाही, एएसआई, प्रवर्तन अवर निरीक्षक और सहायक प्रशाखा पदाधिकारी सहित कई पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

Share

बिहार में सरकारी नौकरियों (Bihar Government Jobs) का दौर चल रहा है। सिपाही, एएसआई, प्रवर्तन अवर निरीक्षक और सहायक प्रशाखा पदाधिकारी सहित कई पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। एएसआई और सिपाही के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं, जबकि सहायक प्रशाखा पदाधिकारी की मुख्य परीक्षा 27 फरवरी को है। प्रवर्तन अवर निरीक्षक के साक्षात्कार 24 फरवरी से होंगे। वन क्षेत्र पदाधिकारी का परिणाम भी घोषित हो चुका है।

पटना। बिहार में इस वक्त सरकारी नौकरियों (Government Jobs की भर्ती का मौसम चल रहा है। सिपाई से लेकर एएसआई तक कई पदों में वैकेंसी आई है। कई पदों पर आवेदन शुरू भी हो गए हैं। वहीं, कई पदों के लिए परीक्षा और इंटरव्यू की डेट आ गई है, तो वन क्षेत्र पदाधिकारी का रिजल्ट भी आ चुका है। आइए एक-एक करके सभी पदों की जानकारी लेते हैं…

एएसआइ के लिए आवदेन आज से

 बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSC) ने बिहार पुलिस रेडियो (वितंतु) में सहायक अवर निरीक्षक (असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर) के 462 पदों के लिए आवेदन (ASI Vaccancy Form) मांगे हैं। इसके लिए चार फरवरी से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इन पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थी चार मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।

पुरुष, महिला एवं मंगलामुखी नियुक्ति के लिए योग्य होंगे। आवेदन के लिए आयोग ने शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की है। किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से भौतिकी विषय के साथ विज्ञान में स्नातक (बीएससी) में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों में उत्तीर्णता अनिवार्य है।

अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति के सदस्यों के लिए उत्तीर्णता प्रतिशत 45 है। अनारक्षित, पिछड़ा वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 165 सेमी ऊंचाई का निर्धारण किया गया।

अत्यंत पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 160 सेमी है। सभी वर्गों की महिला उम्मीदवार के लिए न्यूनतम ऊंचाई 155 सेमी है।

तीन चरणों में होगी परीक्षा

परीक्षा तीन चरणों में होगी। प्रथम चरण की प्रारंभिक परीक्षा में 100 अंकों का एक प्रश्न पत्र होगा, जिसमें वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय प्रश्नों की कुल संख्या एक सौ 100 होगी।

परीक्षा की अवधि दो घंटे की होगी। मुख्य परीक्षा में दो प्रश्न पत्र होंगे। प्रथम पत्र 100 अंकों का सामान्य भाषा ज्ञान, जिसमें पचास 50 अंकों के सामान्य हिंदी एवं 50 अंकों के सामान्य अंग्रेजी विषय से प्रश्न होंगे।

प्रश्नों का स्तर इंटरमीडिएट स्तर का होगा और यह वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय प्रकार के होंगे। तृतीय चरण की शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा अर्हक प्रकृति की होगी और इन जांचों में कोई अंक नहीं दिए जाएंगे, लेकिन सभी में अलग-अलग सफल होना अनिवार्य होगा।

सहायक प्रशाखा पदाधिकारी की मुख्य परीक्षा 27 को

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सहायक प्रशाखा पदाधिकारी मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। 27 फरवरी को दो पालियों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।

प्रथम पाली में सामान्य हिंदी की परीक्षा सुबह 10 से 12.15 बजे तक ली जाएगी। द्वितीय पाली में सामान्य ज्ञान की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.45 बजे तक आयोजित होगी।

प्रवर्तन अवर निरीक्षक का साक्षात्कार 24 फरवरी से

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने मंगलवार को प्रवर्तन अवर निरीक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए साक्षात्कार की तिथि घोषित कर दी।

परिवहन विभाग के अधीन आने वाले पदों के लिए 24 से 27 फरवरी तक साक्षात्कार लिए जाएंगे। प्रवेश पत्र 14 फरवरी को आयोग की वेबसाइट https://bpssc.bihar.gov.in/ पर उपलब्ध रहेगा।

वन क्षेत्र पदाधिकारी में 24 अभ्यर्थी सफल

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने मंगलवार को वनों के क्षेत्र पदाधिकारी का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधीन 24 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।

इसके लिए लिखित परीक्षा बीते वर्ष 24 अगस्त को दो पालियों में आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में सफल 144 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया था। साक्षात्कार में शामिल 136 का शारीरिक परीक्षण बीते वर्ष 18 दिसंबर को किया गया था।

सिपाही के 83 पदों के लिए आवेदन छह से

केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने विशेष शाखा में सिपाही के 83 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। इसके लिए छह फरवरी से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसकी अंतिम तिथि पांच मार्च है।

पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या समकक्ष होनी चाहिए। पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुषों के लिए अधिकतम उम्र सीमा में दो वर्षों की रियायत, यानि न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 27 वर्ष निर्धारित की गई है।

Read more

Local News