बिहार में रेलवे फाटकों पर अब लोगों को ट्रेन के गुजरने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. दरअसल, राज्य में लगभग 217 आरओबी या आरयूबी बनाये जायेंगे. इसका निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा कर लेने की योजना है.
बिहार में लगभग 217 रेलवे ओवर ब्रिज के साथ रेलवे अंडर ब्रिज बनाये जायेंगे. रेल फाटकों पर रेलवे ओवर ब्रिज बनने के कारण लोगों को बड़ा फायदा मिलने वाला है. दानापुर, फुलवारी शरीफ, मसौढ़ी समेत अन्य लगभग 217 फाटक शामिल हैं. इसे लेकर रेलवे और राज्य सरकार के बीच एमओयू साइन हुआ है. रेलवे की तरफ से सहमति भी दे दी गई है.
18 महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
जानकारी के मुताबिक, 217 रेलवे ओवर ब्रिज के साथ रेलवे अंडर ब्रिज के निर्माण कार्य को 18 महीने के अंदर ही पूरा किये जाने की तैयारी है. किसी भी रेल प्रोजेक्ट में एनओसी की समस्या भी नहीं आने की बात कही जा रही. इसके बनने से 20 लाख से भी अधिक लोगों को फायदा पहुंचने की संभावना है.
इन रेल फाटकों पर बनाये जायेंगे आरओबी या आरयूबी
जहां आरओबी या आरयूबी बनाये जायेंगे, उनमें दानापुर, फुलवारी शरीफ, मसौढ़ी, थलवारा-लहेरियासराय, वारिसलीगंज-नवादा, डुमरांव-बरूना, मशरख-श्याम कौड़िया, बरौनी-तिलरथ, सहरसा-पूर्णिया, सुगौली-मंझौलिया, चकिया-मेहसी, रघुनाथपुर, बरौनी-तेघड़ा समेत लगभग 217 शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक, साल 2019 में राज्य सरकार और रेल मंत्रालय के बीच आरओबी को लेकर एक एमओयू साइन किया गया था. उस वक्त बिहार में 44 रेलवे ओवर ब्रिज बनाने को लेकर फैसला हुआ था. उस समय आरओबी के निर्माण में खर्च होने वाली राशि में बिहार सरकार की भी सहभागिता थी.
बिहार में रेलवे कनेक्टिविटी को किया जा रहा मजबूत
इस तरह से आरओबी के बनने से लोगों को बड़ी सुविधा मिलने वाली है. मालूम हो, बिहार में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिये कई पहल किये जा रहे हैं. कई जिलों में नई रेलवे लाइन बिछाई जा रही है. ताकि जिलों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ सके. इस तरह से रेल मंत्रालय ने बड़ा फैसला ले लिया है.


