पटना। बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए राहत सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की पहचान कर दशहरा से पहले प्रत्येक परिवार को 7,000 रुपये की अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को पश्चिम चंपारण और सारण जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों, नदियों के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति की जानकारी ली।
राहत शिविरों का किया निरीक्षण
पश्चिम चंपारण के बैरिया प्रखंड स्थित बथना में मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रही सामुदायिक रसोई, चिकित्सा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और लोगों के ठहरने की सुविधाओं का जायजा लिया।
शिविर में पशुओं के लिए की गई व्यवस्था और अस्थायी आंगनबाड़ी बाल शिविर का भी निरीक्षण किया गया। मुख्यमंत्री ने बच्चों और बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सामुदायिक रसोई में लोगों को भोजन भी परोसा। चिकित्सा शिविर में उपलब्ध दवाओं और उपचार की व्यवस्था की जानकारी भी ली।
बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा
बथना स्थित जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी ने जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, तटबंधों, राहत शिविरों और बचाव कार्यों की स्थिति के बारे में जानकारी दी।
बैठक में प्रभावित आबादी तक राहत सामग्री पहुंचाने, चिकित्सा सुविधाओं और एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ की तैनाती समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
कई इलाकों में दर्ज हुआ उच्चतम जलस्तर
जल संसाधन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को नदियों के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति की जानकारी दी गई। अधिकारियों के अनुसार, बगहा, रेवा घाट, लालगंज और गोपालगंज में नदी का जलस्तर उच्चतम स्तर तक पहुंचा है।
वहीं, गंगा का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बताया गया है। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक नदी का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है।
सारण जिले के मकेर प्रखंड के हैजलपुर पंचायत क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तटबंध का भी हवाई सर्वेक्षण किया गया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों को तेज रखने के निर्देश दिए हैं।
BHARATSUPRFAST के लिए — बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को मिलने वाली 7,000 रुपये की सहायता को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
