पटना: बिहार में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) और प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) कार्यालय के बीच शनिवार को एक तीन वर्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य प्रशिक्षण, ज्ञान साझा करने और क्षमता निर्माण को नई मजबूती प्रदान करना है।
अधिकारियों के कौशल विकास पर रहेगा विशेष जोर
एमओयू पर बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर और प्रधान महालेखाकार संतोष कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस सहयोग के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), बिहार प्रशासनिक सेवा (बीएएस) सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं के प्रशिक्षु अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आधुनिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित किए जाएंगे।
संयुक्त प्रशिक्षण और विशेषज्ञों का सहयोग
समझौते के तहत दोनों संस्थान मिलकर प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, संगोष्ठियां और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन करेंगे। साथ ही विषय विशेषज्ञों और संकाय सदस्यों का परस्पर आदान-प्रदान भी किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान सरकारी लेखांकन, वित्तीय प्रबंधन, सेवा नियम, पेंशन, सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ), ई-गवर्नेंस और प्रशासनिक प्रक्रियाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
संसाधनों और अनुभवों का होगा साझा उपयोग
इस साझेदारी के अंतर्गत दोनों संस्थान प्रशिक्षण कक्ष, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सुविधाओं और अन्य उपलब्ध संसाधनों का साझा उपयोग करेंगे। साथ ही प्रशिक्षण सामग्री, सफल कार्य प्रणालियों और संस्थागत अनुभवों का भी आदान-प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त योग्य अधिकारियों को प्रशिक्षक के रूप में नामित कर संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण योजना तैयार की जाएगी।
तीन वर्षों तक रहेगा प्रभावी
यह समझौता प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के लिए लागू रहेगा। दोनों पक्षों की सहमति से इसकी अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है। एमओयू में गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा और प्रशिक्षण सामग्री का उपयोग केवल आधिकारिक एवं गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों तक सीमित रखने का भी प्रावधान किया गया है।
दक्षता भवन का किया निरीक्षण
समझौते पर हस्ताक्षर के बाद दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों ने बिपार्ड के नवनिर्मित दक्षता भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान बिपार्ड के अपर महानिदेशक संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


