बिहार में चुनाव के माहौल के बीच सब्जियों के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। बैंगन, भिंडी और परवल जैसी सब्जियों के दाम बढ़ने से आम आदमी परेशान है। विक्रेताओं का कहना है कि चुनाव के कारण आपूर्ति में बाधा आ रही है, जिससे कीमतें बढ़ रही हैं।
पटना। राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में सब्जियों के दामों में अचानक आई तेजी से आम आदमी की रसोई का बजट गड़बड़ा गया है।
पिछले 15 दिनों में हरी सब्जियों के दामों में 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चुनावी माहौल में वाहनों की जब्ती और एक जिले से दूसरे जिले या दूसरे प्रदेशों से सब्जियों की आवाजाही में कमी को इसकी प्रमुख वजह बताया जा रहा है।
सब्जी मंडियों में रोजाना खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं का कहना है कि अब हर दिन की सब्जी सोच-समझकर खरीदनी पड़ रही है। पटेल नगर निवासी गृहणी ज्योति बताती हैं कि पहले जहां एक महीने का सब्जी बजट एक से डेढ़ हजार रुपये में संभल जाता था, अब 15 दिन में ही खर्च खत्म हो जा रहा है।


