Friday, May 15, 2026

बिहार में अगले 48 घंटों के दौरान गर्मी और बढ़ने वाली है.

Share

बिहार में एक बार फिर गर्मी का असर तेज होने वाला है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है. इसके साथ ही रात में उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है.

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है, लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है.

उत्तर बिहार के कुछ जिलों में छाए रह सकते हैं बादल

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर बिहार के कुछ जिलों में दिन के समय बादल छाए रह सकते हैं. इसके बावजूद गर्मी और उमस बनी रहेगी. अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है.

भभुआ रहा सबसे गर्म, पारा पहुंचा 41 डिग्री के पार

शुक्रवार को राज्य में सबसे अधिक गर्मी भभुआ में दर्ज की गई. यहां अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

  • डेहरी में 40.1 डिग्री
  • बक्सर में 38.8 डिग्री
  • राजगीर में 37.9 डिग्री
  • गया में 37.6 डिग्री
  • मोतिहारी में 37.5 डिग्री
  • पटना में 37.1 डिग्री
  • वाल्मीकिनगर में 37 डिग्री
  • शेखपुरा में 36.9 डिग्री
  • भागलपुर में 35.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.

कई जिलों में रात का तापमान भी बढ़ा

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई है. सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री वाल्मीकिनगर में रिकॉर्ड किया गया. राज्य में न्यूनतम तापमान 24 से 30.6 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा.

गया में हल्की बारिश, बाकी जिलों में मौसम रहा शुष्क

बीते 24 घंटों के दौरान गया जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा. वहीं रोहतास के बिक्रमगंज में सबसे तेज हवा चली, जहां हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई.

Read more

Local News