Tuesday, May 5, 2026

बिहार के विभिन्न जिलों में वाहन चेकिंग अभियान चल रहा है.

Share

मोतिहारी: बिहार में अगस्त से ही ROAD SAFETYके लिए विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे में मोतिहारी के बलुआ ओवरब्रिज पर शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. इस अभियान में मुख्य रूप से ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ी से संबंधित आवश्यक कागजातों की बारीकी से जांच की गई. जांच के दौरान पुलिस ने चालकों से वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र, बीमा दस्तावेज, परमिट और फिटनेस सर्टिफिकेट सहित तमाम जरूरी कागजात प्रस्तुत करने को कहा.

  • मोतिहारी में वाहन चेकिंग अभियान: अभियान के दौरान यह पाया गया कि जिले में करीब 90 प्रतिशत ई-रिक्शा चालक अपने पास सभी आवश्यक दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस रखे हुए थे. यह स्थिति जिले में यातायात नियमों के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत मानी गई. अधिकारियों ने इसे सराहनीय बताया और कहा कि यदि इसी तरह नियमों के प्रति जागरूकता बनी रही तो सड़क हादसों में कमी के साथ यातायात व्यवस्था और सुचारु होगी.
Special vehicle checking drive

सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्कता: इस अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक एसआई रवि कांत कुमार और ट्रैफिक एएसआई राजेश कुमार ने किया. दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद चालकों को यातायात के बुनियादी नियमों की जानकारी दी और सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने चालकों से कहा कि बिना लाइसेंस या कागजातों के वाहन चलाना न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि यह जोखिम भरा भी है.

“हमेशा सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें और वाहन चलाते समय हेलमेट या सीट बेल्ट का प्रयोग करें.” रवि कांत कुमार, ट्रैफिक एसआई

अब इन वाहनों की जांच की बारी: अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस की टीम ने कई जगहों पर जाम लगने से बचाने के लिए मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया. जिन चालकों के पास कागजात अधूरे पाए गए, उन्हें चेतावनी देते हुए भविष्य में सभी दस्तावेज पूरे रखने की हिदायत दी गई. पुलिस ने कहा कि अगले चरण में टैम्पो, ऑटो और अन्य सार्वजनिक वाहनों की भी इसी तरह जांच की जाएगी.

ट्रैफिक पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से आगे भी जारी रहेंगे. जनता में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर यातायात जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे ताकि लोग कानून का सम्मान करें और सड़कों पर सुरक्षित तरीके से चलें.

इन दस्तावेजों को दिखाना जरूरी: अगर आप अपने वाहन को लेकर बाहर निकल रहे हैं तो कुछ बातों का खास ध्यान रखना होगा. आपको अपने साथ ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र, बीमा प्रमाण पत्र और आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड रखना आवश्यक है.

Special vehicle checking drive

Read more

Local News