जमशेदपुर: गोलमुरी में दिनदहाड़े डकैती की घटना के बाद बिष्टुपुर पुलिस ने बैंक और ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। सिटी एसपी ललित मीना के निर्देश पर थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने क्षेत्र के अधिक वित्तीय लेनदेन वाले बैंकों और ज्वेलरी प्रतिष्ठानों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
CCTV से लेकर अलार्म सिस्टम तक की होगी जांच
बैठक में थाना प्रभारी ने कहा कि सुरक्षा गार्ड, CCTV कैमरे, अलार्म और अन्य सुरक्षा उपकरण सिर्फ नाम के लिए नहीं होने चाहिए। पुलिस इनकी वास्तविक स्थिति की जांच करेगी।
CCTV कैमरों की संख्या, रिकॉर्डिंग की स्थिति, बैकअप और जरूरत पड़ने पर फुटेज उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी जांची जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी मिलने पर संबंधित संस्थानों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।
कैश और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर चर्चा
बैंक अधिकारियों और ज्वेलरी दुकानदारों के साथ कैश काउंटर, स्ट्रांग रूम और नकदी को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। पुलिस ने कैश मूवमेंट के दौरान पर्याप्त सुरक्षा और अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा।
इसके अलावा ATM, पार्किंग क्षेत्र, बैंक के प्रवेश-निकास और संस्थान के खुलने व बंद होने के समय सुरक्षा इंतजामों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील
पुलिस के अनुसार, किसी भी संस्थान की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर संदिग्ध लोगों की नजर हो सकती है। ऐसे में आसपास की गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखना जरूरी है।
थाना प्रभारी ने बैंकों की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी थाना स्तर पर रखने और पुलिस तथा बैंक प्रबंधन के बीच नियमित संपर्क बनाए रखने की बात कही।
एक महीने बाद फिर होगी समीक्षा
पुलिस ने तय किया है कि करीब 30 दिन बाद बैंकों और ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जाएगी। उद्देश्य यह है कि संभावित सुरक्षा खामियों की पहले ही पहचान कर उन्हें दूर किया जा सके और किसी घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से एहतियाती इंतजाम मजबूत रखे जाएं।
