Dhanbad News: बारिश के मौसम में कोयला उत्पादन बनाए रखने पर BCCL का जोर, सीएमडी ने दिए जरूरी निर्देश
बारिश के दौरान कोयला उत्पादन और आपूर्ति प्रभावित न हो, इसे लेकर भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को बस्ताकोला स्थित विकास भवन में बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) मनोज कुमार अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख, अलग-अलग क्षेत्रों के महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान मानसून के दौरान खदानों में कामकाज की स्थिति, उत्पादन और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जलभराव रोकने और उत्पादन लक्ष्य पर जोर
समीक्षा बैठक में सीएमडी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खदानों में जलजमाव की समस्या को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कोयला उत्पादन और उसकी ढुलाई में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आने देने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्धारित उत्पादन लक्ष्य को समय पर हासिल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
राजापुर कोलियरी का किया निरीक्षण
बैठक के बाद मनोज कुमार अग्रवाल ने राजापुर कोलियरी का दौरा कर वहां चल रहे कार्यों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि बारिश के मौसम में भी कोयले का उत्पादन और परिवहन सुचारु रूप से चलता रहे। इसके साथ ही उन्होंने कार्यस्थलों पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि मानसून के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
मीडिया से बातचीत में सीएमडी ने कहा कि कोयला क्षेत्रों में अवैध खनन और कोयला चोरी पर रोक लगाने के लिए बीसीसीएल लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


