धनबाद, 9 अक्टूबर 2026: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शुक्रवार को धनबाद पहुंचे। बरवाअड्डा एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एयरपोर्ट से राज्यपाल सड़क मार्ग से बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया अभिनंदन
राज्यपाल के आगमन पर उपायुक्त आदित्य रंजन, बोकारो कोयला प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और नगर आयुक्त आशीष गंगवार समेत कई अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस दौरान ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
एयरपोर्ट से विश्वविद्यालय तक कड़ी सुरक्षा
राज्यपाल के दौरे को लेकर बरवाअड्डा एयरपोर्ट से बीबीएमकेयू तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग पर पुलिसकर्मियों, दंडाधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई, ताकि काफिले की आवाजाही सुचारु रूप से हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत एंटी-सबोटाज जांच भी की गई। इसके अलावा स्निफर डॉग स्क्वॉड, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर की व्यवस्था रखी गई थी।
मेडिकल टीम और अग्निशमन दस्ता भी तैनात
कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन दस्ते को तैयार रखा गया था। अधिकारियों ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी संभाली।
अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) अरविन्द कुमार ओझा और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब को व्यवस्था की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया था।
कई प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार और एनडीसी दीपक कुमार दुबे समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यपाल के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया।
BHARATSUPERFASTNEWS
