Tuesday, June 16, 2026

पूर्व सीएम रघुवर दास ने भाषा विवाद में कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है.

Share

पलामू: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने राज्य में भाषा विवाद को लेकर कांग्रेस के मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि भोजपुरी, मगही और अंगिका को बाहर करने का फैसला कांग्रेस के चारों मंत्रियों की मौजूदगी में लिया गया था. अब यही मंत्री दिखावा कर रहे हैं और मुख्यमंत्री को पत्र लिख रहे हैं.

रघुवर दास ने कहा कि अगर वाकई में वे इस फैसले का विरोध कर रहे हैं तो उन्हें कैबिनेट से इस्तीफा दे देना चाहिए. मंगलवार को पलामू दौरे पर पहुंचे रघुवर दास ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि झारखंड में 40 प्राकृतिक संसाधन हैं, लेकिन पत्थर, कोयला और बालू सिंडिकेट सक्रिय हैं. राज्य का राजस्व झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के खाते में जा रहा है.

प्रश्न पत्र लीक हो रहे, हमारे समय निष्पक्ष भर्तियां हुईं- रघुवर दास

रघुवर दास ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि आजकल प्रश्न पत्र लीक हो रहे हैं. अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “हमारे समय शिक्षक, दरोगा, सिपाही समेत लाखों भर्तियां हुईं, जो पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी थीं.”

रघुवर दास ने सत्ताधारी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा, “एक कहावत है – तीन तिगाड़ा गांव बिगाड़ा. वही हाल झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद गठबंधन का है.”

केंद्र सरकार की 12 वर्ष की उपलब्धियां गिनाईं

इस दौरान रघुवर दास ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाया. उन्होंने कहा, “2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार की सरकार थी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जिम्मेदारी वाली राजनीति हो रही है. सरकार साहसिक फैसले ले रही है.” उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2029 के विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है.

रघुवर दास ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई, नक्सलवाद में कमी (126 नक्सल प्रभावित जिलों से तेजी से कमी) और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का उल्लेख किया.

अनिल चौरसिया की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

रघुवर दास डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया के पिता स्व. अनिल चौरसिया की पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए. 14 वर्ष पहले निधन हुए अनिल चौरसिया को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.

कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णुदयाल राम, विधायक आलोक चौरसिया, डॉ. शशिभूषण मेहता, मेयर अरुणा शंकर, प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे.

Read more

Local News