Sunday, July 5, 2026

पूर्व मंत्री ने CO पर भी लगाया आरोप – घूस लेते रंगे हाथ पकड़े गए 2 राजस्व कर्मचारी

Share

औरंगाबाद जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है। देव अंचल में एक राजस्व कर्मचारी दाखिल खारिज के लिए 15 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया। वहीं ओबरा में भी निगरानी टीम ने एक राजस्व कर्मचारी को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। पहले भी कई अधिकारी रिश्वत लेते पकड़े जा चुके हैं लेकिन रिश्वतखोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है।

औरंगाबाद। अंचलों में फैले भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी का मामला अब किसी से छिपा नहीं रहा है। हाल ही में जिले में दो राजस्व कर्मचारियों पर कार्रवाई ने इस भ्रष्टाचार के जाल को उजागर किया है।

देव अंचल के बरंडा रामपुर गांव की निवासी जमुनी देवी ने राजस्व कर्मचारी पर रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। इस शिकायत के बाद डीएम श्रीकांत शास्त्री के निर्देश पर जांच की गई, जिसमें राजस्व कर्मचारी संतोष कुमार पर महिला से दाखिल खारिज के लिए 15 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप सही पाया गया।

इस मामले में एक अन्य कर्मचारी भी संलिप्त पाया गया, लेकिन उसकी मृत्यु हो चुकी है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद राजस्व कर्मचारी फरार हो गए हैं, और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।

इस कार्रवाई के छह दिन बाद, पटना से आई निगरानी टीम ने ओबरा अंचल के ऊब और सोनहुली पंचायत के राजस्व कर्मचारी प्रमोद कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। उन्हें बुधवार को बेउर जेल भेज दिया गया।

निगरानी टीम ने अंचल कार्यालय में छापेमारी की, जिसमें यह भी सामने आया कि सीओ के लिए भी रुपये लिए गए थे। ओबरा में इससे पहले भी निगरानी की कार्रवाई हुई थी, जिसमें वर्ष 2016 में बीइओ उमाशंकर सिंह और प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अंकेश कुमार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था।

अभी भी नहीं रुक रही रिश्वतखोरी 

जिले में निगरानी की कई कार्रवाईयों के बावजूद सरकारी अधिकारी और कर्मचारी रिश्वत लेना नहीं छोड़ रहे हैं। अंचलों के सीओ, राजस्व कर्मचारी, अमीन और कंप्यूटर ऑपरेटर तक इस मामले में बदनाम हो चुके हैं।

भ्रष्टाचार की घटनाएं प्रतिदिन समाचारों में आती हैं। पूर्व मंत्री रामाधार सिंह ने देव अंचल के सीओ दीपक कुमार पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया है और इसकी शिकायत विभाग के अपर मुख्य सचिव के पास करने की बात कही है। हालांकि, सीओ ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वे हमेशा आरोप लगाते रहते हैं।

Read more

Local News