Saturday, June 20, 2026

पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली की सेहत को लेकर एक अपडेट सामने आया है.

Share

नई दिल्ली: पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली की सेहत को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. उनके छोटे भाई वीरेंद्र कांबली ने यह अपडेट अपने फैन्स के साथ शेयर किया है. उन्होंने बताया कि, कांबली फिलहाल अपने घर पर हैं और अपनी बीमारी से उबर रहे हैं. पिछले साल अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद विनोद कांबली को ठाणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन और मांसपेशियों में ऐंठन की शिकायत थी. तब से उनका इलाज चल रहा है.

एक पॉडकास्ट से बात करते हुए विनोद कांबली के छोटे भाई वीरेंद्र कांबली ने बताया कि वह फिलहाल घर पर हैं. उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उनका इलाज जारी है. उन्हें बोलने में दिक्कत हो रही है. उन्हें ठीक होने में समय लगेगा लेकिन वह एक चैंपियन हैं और वापसी करेंगे. उम्मीद है कि वह जल्द ही चलना और दौड़ना शुरू कर देंगे. मुझे उन पर पूरा भरोसा है मुझे उम्मीद है कि आप उन्हें फिर से मैदान पर देख पाएंगे.

इस बीच विनोद कांबली के छोटे भाई ने फैन्स से एक खास अपील की है. उन्होंने प्रशंसकों से विनोद कांबली के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने को कहा है. वीरेंद्र ने आगे बताया कि, विनोद कांबली 10 दिनों तक रिहैब में रहे. उनके पूरे शरीर की जांच की गई, जिसमें ब्रेन स्कैन और अन्य टेस्ट शामिल थे. उन सभी टेस्ट के नतीजे ठीक थे. उस समय उन्हें ज्यादा तकलीफ नहीं थी, लेकिन वह चल नहीं सकते थे, इसलिए उन्हें फिजियोथेरेपी कराने की सलाह दी गई थी. उनकी बोली में अभी भी हकलाहट है, लेकिन उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. मैं बस उनके प्रशंसकों से कहना चाहता हूं कि उन्हें आपके प्यार और समर्थन की जरूरत है

विनोद कांबली ने भारतीय टीम के लिए टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेला है। उन्होंने 1991 में भारत के लिए वनडे में डेब्यू किया था. इसके बाद आखिरी वनडे मैच 2000 में खेला था। उन्होंने भारतीय टीम के लिए 104 वनडे मैचों में 2477 रन बनाए हैं. इसके अलावा, 17 टेस्ट मैचों में उनके नाम 1084 रन हैं, जिसमें 4 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं.

Read more

Local News