पलामूः करीब 14 साल के बाद पलामू के मेदिनीनगर के सिंगरा खुर्द में कोयल नदी पर बने चेडाबार पूल को एप्रोच रोड और फ्लाईओवर मिलेगा.
दरअसल, साल 2012-13 में कोयल नदी पर चेडाबार पूल का निर्माण किया गया. इस पूल का एप्रोच रोड नहीं बना था और न ही यह कोई अन्य रोड से जुड़ पाया था. पलामू की सांसद विष्णुदयाल राम लगातार पुल को जोड़ने के लिए कई स्तर पर मांग उठा रहे थे.
पलामू सांसद की पहल पर एप्रोच रोड फ्लाईओवर की आधारशिला मंगलवार रखी गई. इस दौरान स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया मेयर अरुण शंकर समेत कई लोग मौजूद रहे. इस मौके पर बोलते हुए पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि यह पूल काफी महत्वपूर्ण है, आरओबी के बन जाने से शहर जाम से मुक्ति मिलेगी साथ ही साथ ट्रैफिक की समस्या पर भी कंट्रोल पाया जा सकेगा.
- सांसद ने कहा कि आरओबी में पाइल फाऊंडेशन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है जो भारी वाहनों का भार सहने में सक्षम होगी. रेलवे के ट्रैफिक को बिना प्रभावित किया स्कूल का निर्माण किया जाएगा.
भारत सरकार द्वारा केंद्रीय सड़क एवं आधारभूत संरचना निधि (CRIF) से आरओबी का निर्माण किया जा रहा है. जिसकी लागत 101.38 करोड़ है. एप्रोच रोड की लंबाई 3740 मीटर है जबकि आरोही की लंबाई 596.64 मीटर है. सांसद ने कंपनी को समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया है ताकि पलामू के लोगों को इसकी सुविधा मिल सके.



