Saturday, November 28, 2026

पलामू परवाज अभियान: बच्चों के बीच जमीन पर बैठे डीसी, शिक्षा को बताया सफलता की पहली सीढ़ी

Share

मेदिनीनगर: पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत शनिवार को लहलहे पंचायत के सिंदुरिया में आयोजित पलामू परवाज अभियान के कार्यक्रम में बच्चों के बीच पहुंचे। उन्होंने औपचारिकता से हटकर जमीन पर बैठकर बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, सपनों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जाना। डीसी को अपने बीच सहज अंदाज में देखकर बच्चे भी खुलकर अपनी बातें रखते नजर आए।

बच्चों को दिया पढ़ाई पर ध्यान देने का संदेश

बातचीत के दौरान उपायुक्त ने बच्चों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। बच्चों को पहले पढ़ाई पूरी करने, फिर नौकरी और उसके बाद शादी के बारे में सोचने की सलाह दी।

डीसी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें। उनकी पढ़ाई में किसी तरह की रुकावट न आने दें। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर भविष्य बनाने का अवसर देना परिवार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और शिक्षा इसमें अहम भूमिका निभाती है।

10 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम में उपायुक्त ने 10 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। इस मौके पर सदर एसडीओ संजय कुमार पाण्डेय, मेदिनीनगर बीडीओ जागो महतो, जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार और जिला शिक्षा अधीक्षक सुभाष अनुराग एक्का मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला परिषद सदस्य अर्जुन सिंह, मुखिया पूनम यादव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।

Read more

Local News