Tuesday, September 15, 2026

पटना हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव ने संभाली कमान, न्यायिक सुधारों को आगे बढ़ाने पर जोर.

Share

Patna High Court: पटना हाईकोर्ट के नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव के सम्मान में मंगलवार को हाईकोर्ट के शताब्दी सभागार में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पूर्ववर्ती मुख्य न्यायाधीशों द्वारा शुरू किए गए लोकहित और न्यायिक सुधार से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि न्यायपालिका को और प्रभावी बनाने के लिए सभी पक्षों का सहयोग जरूरी है। सामूहिक प्रयासों के जरिए बिहार की न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम करने की प्रतिबद्धता भी उन्होंने जताई।

त्वरित न्याय के लिए बार और बेंच में समन्वय जरूरी

मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव ने कहा कि लोगों को समय पर और आसानी से न्याय उपलब्ध कराने के लिए बार और बेंच के बीच बेहतर तालमेल बेहद आवश्यक है। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में अधिवक्ताओं और न्यायाधीशों की संयुक्त भूमिका पर जोर दिया।

अपने दिल्ली हाईकोर्ट से जुड़े अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीपी वाधवा के बाद वह दिल्ली हाईकोर्ट से पटना हाईकोर्ट आने वाले दूसरे मुख्य न्यायाधीश हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती न्यायाधीशों द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों को भी याद किया।

लंबित मामलों के जल्द निपटारे की उम्मीद

स्वागत समारोह की शुरुआत वरिष्ठ न्यायाधीश सुधीर सिंह के औपचारिक संबोधन से हुई। उन्होंने नए मुख्य न्यायाधीश का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में न्यायिक कार्यों में तेजी आएगी और लंबे समय से लंबित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को गति मिलेगी।

पटना हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ की समन्वय समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश चंद्र वर्मा ने कहा कि नए मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल से आम लोगों के साथ-साथ विधिक समुदाय को भी काफी उम्मीदें हैं।

बार संगठनों ने दिया सहयोग का भरोसा

समारोह में बिहार राज्य बार काउंसिल के अध्यक्ष रामाकांत शर्मा, लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष उमाकांत और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पीएन शाही ने भी मुख्य न्यायाधीश का स्वागत किया।

बार से जुड़े पदाधिकारियों ने न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रभावी कार्यप्रणाली के लिए अपनी-अपनी संस्थाओं की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

जजों और वकीलों के प्रति जताया आभार

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव ने हाईकोर्ट के न्यायाधीशों, अधिवक्ता संगठनों के पदाधिकारियों, वकीलों और न्यायिक अधिकारियों का स्वागत एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायिक सुधारों को आगे बढ़ाने और बिहार में न्याय व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे।

Read more

Local News