Saturday, July 18, 2026

पटना में शुरू हुई हेलीकॉप्टर जॉय राइड, 2100 रुपये में मिलेगा राजधानी का हवाई नजारा.

Share

पटना: बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने हेलीकॉप्टर आधारित पर्यटन सेवा की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना एयरपोर्ट स्थित स्टेट हैंगर से पटना जॉय राइड का उद्घाटन किया। इस पहल के तहत अब पर्यटक और आम नागरिक हेलीकॉप्टर से राजधानी का हवाई दृश्य देखने का अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।

10 मिनट की उड़ान, 2100 रुपये शुल्क

पर्यटन विभाग के अनुसार, जॉय राइड के लिए प्रति व्यक्ति 2100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रत्येक उड़ान लगभग 10 मिनट की होगी, जिसमें यात्रियों को आसमान से पटना के प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों का विहंगम दृश्य देखने का अवसर मिलेगा।

हेलीकॉप्टर यात्रा के दौरान गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब, गांधी मैदान, गोलघर सहित राजधानी के कई प्रमुख स्थानों को ऊपर से देखा जा सकेगा।

सप्ताहांत में मिलेगी सेवा

यह सुविधा फिलहाल हर शनिवार और रविवार उपलब्ध रहेगी। उड़ानें दोपहर 3 बजे के बाद स्टेट हैंगर से संचालित होंगी। शुरुआती चरण में प्रत्येक दिन 30-30 मिनट के अंतराल पर चार जॉय राइड संचालित करने की योजना है। एक हेलीकॉप्टर में अधिकतम पांच यात्री यात्रा कर सकेंगे।

पहले दिन 20 पर्यटकों ने किया सफर

उद्घाटन के दिन 20 पर्यटकों ने इस सेवा का लाभ लिया। विभाग के मुताबिक, शुरुआत से पहले ही करीब 80 लोगों ने अपनी सीटें आरक्षित करा ली थीं, जिससे इस नई पर्यटन पहल को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए भी हवाई सेवा

मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के तहत पटना से राज्य के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए भी हवाई संपर्क की व्यवस्था की गई है। इनमें वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण), राजगीर (नालंदा) और मां मुंडेश्वरी मंदिर (कैमूर) शामिल हैं।

वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय विमान का उपयोग किया जाएगा, जबकि राजगीर और कैमूर मार्ग पर 6+2 सीटर हेलीकॉप्टर संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक उड़ान में पांच सीटें पर्यटकों के लिए उपलब्ध रहेंगी। हालांकि, इन रूटों पर बुकिंग शुरू होने के बावजूद फिलहाल कोई आरक्षण दर्ज नहीं हुआ है।

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

राज्य सरकार का मानना है कि यह पहल बिहार के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने में सहायक होगी। साथ ही, पर्यटकों को राज्य की विरासत को एक अलग अनुभव के साथ देखने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर भी इस योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026 राज्य में पर्यटन के नए दौर की शुरुआत है और इसके माध्यम से लोगों को सुरक्षित, रोमांचक तथा यादगार हवाई यात्रा का अनुभव मिलेगा।

Read more

Local News