नौकरियों में डोमिसाइल और पारदर्शिता लागू करने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। बिहार स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले सैकड़ों छात्रों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। गांधी चौक मुसल्लहपुर हाट भिखना पहाड़ी नया टोला मछुआ टोली हथुआ मार्केट होते हुए गांधी मैदान जेपी गोलंबर तक अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया।
पटना। बिहार की सरकारी नौकरियों में डोमिसाइल और पारदर्शिता लागू करने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। राज्य की नौकरियों में डोमिसाइल लागू करने की मांग को लेकर बिहार स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले सैकड़ों छात्रों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया।
पटना कालेज से एकत्र होकर राज्य के विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थी गांधी चौक, मुसल्लहपुर हाट, भिखना पहाड़ी, नया टोला, मछुआ टोली, हथुआ मार्केट होते हुए गांधी मैदान जेपी गोलंबर पहुंचे। जहां पूर्व से ही काफी संख्या में तैनात पुलिस बल ने सभी को रोक लिया।
दोबारा आंदोलन की दी चेतावनी
इस दौरान पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री सचिवालय ले जाया गया, जहां डोमिसाइल लागू करने की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। छात्र नेता दिलीप कुमार के साथ प्रतिनिधि मंडल में शशिकला, सुष्मिता, दीपक पाण्डेय, रवि शंकर सिंह शामिल थे। छात्र नेता दिलीप कुमार ने बताया कि अगर सात दिन के अंदर सरकार इस पर निर्णय नहीं लेती है, तो फिर से आंदोलन किया जाएगा।
राज्यों में प्रत्यक्ष रूप से डोमिसाइल लागू है
दिलीप कुमार ने कहा कि बिहार की सरकारी नौकरियों पर पहला हक बिहारी छात्रों का है। वोट दे बिहारी और नौकरी पाए बाहरी ये अब नहीं चलेगा। लाठी खाए बिहारी और नौकरी ले बाहरी ऐसा नहीं होगा। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि कुछ राज्यों में प्रत्यक्ष रूप से डोमिसाइल लागू है, इससे बिहार के अभ्यर्थियों का नुकसान हो रहा है। कुछ राज्यों मे परीक्षा की प्रक्रिया और सिलेबस ऐसा बनाया गया है इससे उस राज्य से संबंधित प्रश्न अधिक पूछकर उस राज्य के अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचाया जाता है यानी अप्रत्यक्ष रुप से डोमिसाइल लागू है।
शिक्षक भर्ती में लागू हो 100 प्रतिशत डोमिसाइल
बिहार में बीपीएससी टीआरई (शिक्षक भर्ती) मे प्राथमिक मे सौ प्रतिशत डोमिसाइल लागू किया जाएं, क्योंकि प्राथमिक शिक्षा मातृभाषा मे देने से बच्चों को फायदा होता है। बीपीएससी टीआरई मे माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक तथा दारोगा, सिपाही, लाइब्रेरियन, बीएसएससी, सहित बिहार की सभी सरकारी नौकरियों मे 90 प्रतिशत डोमिसाइल प्रत्यक्ष रूप से लागू किया जाए।


