पलामू: नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी में प्रशासनिक स्तर पर इस्तीफों का सिलसिला जारी है। विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग के कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, उनका इस्तीफा फिलहाल स्वीकार नहीं किया गया है। इससे पहले विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. नफीस अहमद भी पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
असिस्टेंट प्रोफेसर हैं गौरव श्रीवास्तव
गौरव श्रीवास्तव विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्हें परीक्षा विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी। परीक्षा संचालन और रिजल्ट से जुड़े कामों की निगरानी भी उनके जिम्मे थी।
उन्होंने अपना इस्तीफा रजिस्ट्रार को भेजा है। फिलहाल विश्वविद्यालय की ओर से इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
निजी कारणों का दिया हवाला
गौरव श्रीवास्तव ने इस्तीफे की वजह निजी कारण बताई है। उनका कहना है कि उन्होंने परीक्षा कोऑर्डिनेटर के पद से हटने के लिए इस्तीफा दिया है, लेकिन अभी इसे मंजूरी नहीं मिली है। वह विश्वविद्यालय में अपने मूल पद यानी असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में काम जारी रखना चाहते हैं।
परीक्षा व्यवस्था पर पड़ सकता है असर
नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी के अंतर्गत पलामू, गढ़वा और लातेहार के कई डिग्री कॉलेज आते हैं। इन संस्थानों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे में परीक्षा विभाग के प्रमुख दायित्व वाले अधिकारी के इस्तीफे से परीक्षा संचालन और रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया पर असर पड़ने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विश्वविद्यालय के सामने पहले से ही समय पर परीक्षाएं आयोजित करने और परिणाम जारी करने की चुनौती रहती है। ऐसे में परीक्षा कोऑर्डिनेटर का पद खाली होने पर व्यवस्था संभालना प्रशासन के लिए अहम चुनौती हो सकती है।
छात्र संगठन ने जताई चिंता
आपसू छात्र संगठन ने भी इस घटनाक्रम पर चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि परीक्षा विभाग के कोऑर्डिनेटर के इस्तीफे से विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। छात्रों के हित में परीक्षा कार्यक्रम और रिजल्ट समय पर जारी किए जाने की मांग की गई है।
फिलहाल गौरव श्रीवास्तव का इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। इसलिए आगे परीक्षा विभाग की जिम्मेदारी किस अधिकारी को दी जाती है, इस पर विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्णय का इंतजार है।
