मुंबई : पिछले कारोबारी सत्र में बड़ी गिरावट के बाद बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में निचले स्तर पर हुई खरीदारी से तेजी लौट आई। बैंकिंग शेयरों में मजबूत खरीदारी के बीच बीएसई सेंसेक्स 332.63 अंक की बढ़त के साथ 74,336.45 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 99 अंक चढ़कर 23,217.60 अंक पर पहुंच गया।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 502.04 अंक तक उछल गया था और 74,505.86 अंक के स्तर पर पहुंचा। हालांकि, बाद में कुछ बढ़त कम हुई और सूचकांक 332.63 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। निफ्टी में भी 0.43 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
सेंसेक्स में शामिल प्रमुख शेयरों में आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में खरीदारी देखने को मिली। दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और बजाज फिनसर्व के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं सीईओ हरिसेल्वन राधाकृष्णन के मुताबिक, मंगलवार की तेज गिरावट के बाद बैंकिंग और कुछ प्रमुख शेयरों में खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया। बैंक निफ्टी के 56,000 अंक के स्तर को दोबारा हासिल करने से भी बाजार की धारणा को समर्थन मिला।
हालांकि, बाजार की तेजी पर वैश्विक कारकों का दबाव बना रहा। ब्रेंट क्रूड की कीमत 107.8 डॉलर प्रति बैरल के ऊंचे स्तर पर रही। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति से पहले 10 वर्षीय अमेरिकी सरकारी बॉन्ड पर प्रतिफल करीब पांच प्रतिशत बना रहा। कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड में 0.83 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि हाल की गिरावट के बाद बाजार में करीब आधा प्रतिशत की रिकवरी देखने को मिली। चुनिंदा बड़े शेयरों में खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली, लेकिन कच्चे तेल की ऊंची कीमत, वैश्विक अनिश्चितता और अमेरिकी फेड के फैसले से पहले निवेशकों की सतर्कता के कारण कारोबार में उतार-चढ़ाव बना रहा।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी हल्की तेजी रही। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स 0.29 प्रतिशत और मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा। इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 2,977.86 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिक्री की थी। मंगलवार को सेंसेक्स 777.94 अंक गिरकर 74,003.82 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 279.50 अंक की गिरावट के साथ 23,118.60 अंक पर रहा था। निफ्टी का यह स्तर छह अप्रैल के बाद का सबसे निचला बंद स्तर था।
