Thursday, July 30, 2026

धनबाद में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा, डीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश.

Share

धनबाद: स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जानकारी ली गई।

बैठक में शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आवश्यक कार्य हर हाल में 13 अगस्त तक पूरा कर लिया जाए।

उन्होंने समारोह स्थल की साफ-सफाई, मैदान की व्यवस्था, सजावट, सुरक्षा इंतजाम, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में समय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा सरकारी परिसरों की सफाई और रंग-रोगन कराने का निर्देश दिया गया।

ध्वजारोहण का कार्यक्रम तय

स्वतंत्रता दिवस के दिन उपायुक्त आदित्य रंजन सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, 8 बजे उपायुक्त आवासीय कार्यालय, 9 बजे शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित मुख्य समारोह स्थल और 10 बजे समाहरणालय में ध्वजारोहण करेंगे।

इसके बाद उप विकास आयुक्त मिश्रित भवन में, अनुमंडल दंडाधिकारी अनुमंडल कार्यालय में, एडीएम (विधि-व्यवस्था) गांधी सेवा सदन में, एसडीएम रेड क्रॉस सोसाइटी में और वरीय पुलिस अधीक्षक पुलिस लाइन में ध्वजारोहण करेंगे।

इस बार बेलगढ़िया स्थित जेआरडीए प्रशासनिक भवन में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय लोगों को भी शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा।

परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी

मुख्य समारोह की परेड में डीएपी, एनसीसी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जेएपी, होमगार्ड, भारत स्काउट एंड गाइड और ग्रामीण पुलिस की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। परेड का अभ्यास 9 से 13 अगस्त तक स्टेडियम में किया जाएगा। 13 अगस्त को उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से पूर्वाभ्यास का निरीक्षण करेंगे।

समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं 14 अगस्त की शाम न्यू टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।

शहर में होगी विशेष सजावट

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और अवसर पर श्रमिक चौक, स्टील गेट, रणधीर वर्मा चौक, अंबेडकर चौक सहित प्रमुख स्थानों और सरकारी भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा। साथ ही जिले में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई भी कराई जाएगी।

प्रशासन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन पूरे जिले में ड्राई डे लागू रहेगा।

बैठक में मंच व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, कानून व्यवस्था और कार्यक्रम के सोशल मीडिया प्रसारण सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Read more

Local News