धनबाद। एसएसपी प्रभात कुमार ने शुक्रवार को डीएसपी विधि-व्यवस्था कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के कामकाज, लंबित कांडों की स्थिति और दस्तावेजों के रखरखाव की जांच की। एसएसपी ने विभिन्न शाखाओं और कमरों में जाकर संबंधित फाइलों व अभिलेखों का अवलोकन किया।
पुराने मामलों को प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने वर्ष 2023 तक लंबित सभी मामलों को अलग से चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने को कहा। उन्होंने अनुसंधान में आने वाली अड़चनों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।
साथ ही केस डायरी, सुपरविजन रिपोर्ट, चार्जशीट और फाइनल रिपोर्ट सहित सभी जरूरी दस्तावेजों को समय-समय पर अपडेट रखने पर जोर दिया।
वारंट और फरार आरोपियों की समीक्षा पर बल
एसएसपी ने लंबित वारंटों की नियमित समीक्षा करने और वांछित आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। उनका निर्देश था कि कार्रवाई में देरी के कारण न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
नए मामलों की जांच में गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत
पुराने मामलों के निष्पादन के साथ-साथ नए कांडों की जांच में गुणवत्ता बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया। थाना स्तर से आने वाली रिपोर्टों की समयबद्ध समीक्षा और पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय, थाना प्रभारी और कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
