Wednesday, July 29, 2026

धनबाद: जंगल में अकेले रह रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग तक पहुंची प्रशासन की मदद, डीसी के निर्देश पर उपलब्ध कराई गई राहत.

Share

धनबाद: टुंडी प्रखंड के कमलपुर जंगल में लंबे समय से एकांत जीवन बिता रहे 75 वर्षीय सुरेंद्र सोरेन की जानकारी मिलने के बाद धनबाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बुजुर्ग की स्थिति का आकलन किया।

निर्देश मिलने के बाद टुंडी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विशाल पांडेय अधिकारियों के साथ जंगल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सुरेंद्र सोरेन को तत्काल राहत के रूप में चावल, दाल, आटा, नमक सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा उन्हें कपड़े, कंबल और दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं भी दी गईं।

बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने उनकी झोपड़ी की मरम्मत भी कराई, ताकि उन्हें सुरक्षित आश्रय मिल सके और मौसम की मार से बचाव हो।

प्रशासन को मिली जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सोरेन पिछले करीब 15 वर्षों से जंगल में रह रहे हैं। उनके परिजनों ने कई बार उन्हें वापस घर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने जंगल छोड़ने से इनकार कर दिया। हालांकि, परिवार के सदस्य समय-समय पर उनसे मिलने पहुंचते हैं और उनकी जरूरतों का ध्यान रखते हैं।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सुरेंद्र सोरेन को जल्द से जल्द सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें नियमित रूप से आवश्यक सुविधाएं और सहायता मिलती रहे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Read more

Local News