देवघर: श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु जलाभिषेक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने शनिवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मंदिर की रूट लाइन, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि रूट लाइन में आवागमन व्यवस्थित रहे और भीड़ नियंत्रण पर लगातार निगरानी बनाए रखें।
एसपी ने कतार में खड़े श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी यात्रा को सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
