बांका जिले के अमरपुर में हर्ष ज्वेलर्स नामक दुकान में 25 लाख रुपये के गहनों की चोरी हो गई। चोरों ने दुकान की पिछली दीवार काटकर आलमीरा से सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए और सीसीटीवी डीवीआर भी साथ ले गए। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बांका। अमरपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोर गिरोह ने पुलिस को चुनौती दी है। शुक्रवार की रात, बांका-अमरपुर मुख्य मार्ग पर इंग्लिशमोड़ चौक स्थित हर्ष ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए चोरों ने लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के गहनों की चोरी की। इसमें सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं।
चोरों ने दुकान की पिछली दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और मिनी आलमीरा के लाकर को ग्राइंडर से काटकर सभी कीमती आभूषण चुरा लिए। इतना ही नहीं, वह दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
पीड़ित दुकानदार पप्पू पोद्दार ने बताया कि वे रोज की तरह गुरुवार की रात दुकान बंद कर घर लौट गए थे। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी कि दुकान की पिछली दीवार टूटी हुई है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो देखा कि दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा है और आलमीरा का ताला टूटा हुआ है।
आलमीरा में रखे हुए सभी गहने गायब थे। चोरों ने काउंटर से भी चांदी के जेवरात चुरा लिए थे। घटना की जानकारी मिलते ही अमरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन सीसीटीवी डीवीआर के गायब होने से पुलिस को कोई खास सुराग नहीं मिला।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में गहरा आक्रोश है। हाल ही में चपरी गांव में लाखों की चोरी, शाहपुर विद्यालय के शिक्षक के घर में सेंधमारी जैसी घटनाएं भी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।


