Thursday, July 9, 2026

 दरभंगा एयरपोर्ट-दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट रद होने पर भड़के यात्री

Share

दरभंगा हवाई अड्डे पर दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 477 रद होने के कारण यात्रियों ने हंगामा किया। फ्लाइट में देरी के कारण यात्री आक्रोशित थे क्योंकि उन्हें पहले कई बार फ्लाइट के रिशेड्यूल होने की सूचना मिली थी। यात्रियों ने विमानन कंपनी के गैर जिम्मेदाराना रवैये की आलोचना की।

दरभंगा। दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 477 को शनिवार की शाम अचानक रद कर दिए जाने से आक्रोशित यात्रियों ने हंगामा किया और विमानन कंपनी के अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई।

अब यह फ्लाइट रविवार की सुबह 11:40 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 937 निर्धारित समय 11 बजे से छह घंटा 15 मिनट विलंब से 5:15 में पहुंची।

इसके बाद प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को विमान में सवार करा दिया गया। बताया गया कि फ्लाइट 5:40 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। करीब 6:15 बजे तकनीकी कारणों से फ्लाइट के रद होने की सूचना यात्रियों को दी गई।

यात्रियों ने किया हंगामा

इसके बाद यात्री आक्रोशित हो गए। इसके पहले कई बार फ्लाइट के रिशेड्यूल होने की जानकारी दी गई थी। यात्रियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि ऐसे गैर जिम्मेदराना रवैये को लेकर विमानन कंपनी का लाइसेंस रद होना चाहिए।

यदि पहले सूचना दे दी जाती तो दूसरी कंपनी की फ्लाइट से चले जाते। पूरे दिन हम लोग विमान की प्रतीक्षा करते रहे। करीब 12 घंटे समय बर्बाद हुए। इस दौरान विमानन कंपनी ने यात्रियों के लिए अल्पाहार का कोई इंतजाम नहीं किया।

एयरपोर्ट डायरेक्टर नावेद नजीम ने बताया कि अचानक स्पाइसजेट कंपनी ने फ्लाइट को रद कर दिया। इस कारण यात्रियों ने हंगामा किया। काफी मशक्कत के बाद यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया गया।

13 विमानों का हुआ आवागमन

दरभंगा एयरपोर्ट से शनिवार को 13 विमानों का आवागमन हुआ। दिल्ली और मुंबई से आने व जाने वाली स्पाइसजेट की एक एक फ्लाइट विलंब से पहुंची। जानकारी के अनुसार, मुंबई से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 115 निर्धारित समय 9:15 से तीन घंटा 10 मिनट विलंब से 12:25 में पहुंची।

दिल्ली से दरभंगा आनेवाली आकाशा की फ्लाइट क्यूपी 1405 निर्धारित समय 10:55 बजे से 28 मिनट पहले पहुंच गई। दिल्ली से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 937 निर्धारित समय 11 बजे से छह घंटा 15 मिनट विलंब से 5:15 बजे पहुंची।

कोलकाता से दरभंगा आनेवाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई7234 निर्धारित समय 11:55 बजे से 48 मिनट विलंब से 12:43 में पहुंची। मुंबई से दरभंगा आनेवाली आकाशा की फ्लाइट क्यूपी 1529 निर्धारित समय 1:30 बजे से 14 मिनट पहले पहुंच गई।

हैदराबाद से दरभंगा आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई537 निर्धारित समय 2:20 बजे से आठ मिनट पहले पहुंच गई। दिल्ली से दरभंगा आनेवाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई360 निर्धारित समय चार बजे से 13 मिनट विलंब से 4:13 में पहुंची।

Read more

Local News