नई दिल्ली: राष्ट्रपति भवन में आज, 25 मई को पद्म अवॉर्ड कार्यक्रम आयोजित किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को इस प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से सम्मानित किया. पहला पुरस्कार स्वर्गीय धर्मेंद्र को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया. एक्ट्रेस और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने अपने दिवंगत पति और सिनेमा जगत के दिग्गज धर्मेंद्र, जिनका निधन 24 नवंबर, 2025 को हो गया था, की ओर से पद्म विभूषण ग्रहण किया है. यह पल देओल परिवार के लिए काफी भावुक था.
जब हेमा मालिनी ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार 2026 समारोह में अपने दिवंगत पति धर्मेंद्र को मरणोपरांत दिए गए पद्म विभूषण को स्वीकार किया, तब इस भावुक क्षण में उनकी बेटी अहाना देओल भी वहीं मौजूद थीं, जो समारोह के दौरान फफक-फफक कर रोती हुई दिखाई दीं.
इस कार्यक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें हेमा मालिनी को गणमान्य व्यक्तियों और मेहमानों की मौजूदगी में दिवंगत अभिनेता की ओर से यह सम्मान स्वीकार करते हुए भावुक होते देखा जा सकता है. इस अवसर पर गुलाबी साड़ी पहने, उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार ग्रहण करते हुए देखा गया. इस दौरान उनकी नम आंखें साफ तौर पर कैमरे में नजर आई.
समारोह के दौरान, जब धर्मेंद्र का नाम अनाउंस किया गया, तो अहाना भावुक हो गईं. जब उनकी मां हेमा मालिनी ने पुरस्कार ग्रहण किया, तब उन्हें तालियां बजाते हुए देखा गया. उनके पति वैभव वोहरा उनके बगल में बैठे थे.
इससे पहले, एनआई से बात करते हुए हेमा मालिनी ने कहा, ‘इससे हमें बहुत खुशी हुई है, पूरा देश खुश है. अगर यह पहले मिला होता, तो धर्मेंद्र जी बेहद खुश होते, और उन्हें देखकर उनके फैंस और भी ज़्यादा खुश होते.’
धर्मेंद्र, जिन्हें हिंदी सिनेमा के असली ‘ही-मैन’ के तौर पर प्यार से याद किया जाता है, का 24 नवंबर, 2025 को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था. वे अपने पीछे छह दशकों से भी अधिक समय तक फैली एक विशाल विरासत छोड़ गए हैं. उन्होंने छह दशकों तक लोगों को अपने अभिनय से एंटरटेन किया है.
बता दें, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर, गृह मंत्रालय ने साल 2026 के लिए पद्म पुरस्कार विजेताओं की आधिकारिक सूची जारी की, और 25 मई को एक समारोह में विजेताओं को ये पुरस्कार प्रदान किए गए है.


