Saturday, September 12, 2026

ट्यूलिप हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, 48 घंटे नए मरीजों की भर्ती पर रोक.

Share

रांची: ट्यूलिप हॉस्पिटल में 10 सितंबर को हुई मारपीट की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के निर्देश पर रांची के सिविल सर्जन ने अस्पताल को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। प्रबंधन से 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है।

इसके साथ ही अस्पताल का लाइसेंस 48 घंटे के लिए निलंबित करते हुए इस अवधि में नए मरीजों के इलाज और भर्ती पर रोक लगाई गई है।

नए OPD और IPD मरीजों का पंजीकरण बंद

कार्रवाई के तहत अगले 48 घंटे तक नए ओपीडी मरीजों का रजिस्ट्रेशन, नए आईपीडी मरीजों की भर्ती और नई वैकल्पिक सर्जरी नहीं की जा सकेगी। हालांकि, जो मरीज पहले से अस्पताल में भर्ती हैं, उनका इलाज जारी रहेगा।

यदि किसी मौजूदा मरीज को दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करने की जरूरत पड़ती है, तो अस्पताल प्रबंधन को सुरक्षित तरीके से शिफ्टिंग की व्यवस्था करनी होगी।

CCTV और मरीजों के रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का निर्देश

स्वास्थ्य विभाग ने 10 सितंबर की घटना से संबंधित सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा है। इनमें अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, मरीजों की केस शीट, विभिन्न रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं।

विभाग इन रिकॉर्ड के आधार पर घटना की जांच आगे बढ़ाएगा।

जवाब के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पताल प्रबंधन से जवाब मिलने और मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल अस्पताल को विभागीय निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों के साथ दुर्व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की गरिमा और अधिकारों की रक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

Read more

Local News