Monday, September 14, 2026

झारखंड स्टेट बार काउंसिल में दो महिला सदस्यों की नियुक्ति, पूर्व जस्टिस जया रॉय और लक्ष्मी मुर्मू शामिल.

Share

रांची : झारखंड स्टेट बार काउंसिल में दो महिला सदस्यों को को-ऑप्टेड सदस्य के तौर पर नामित किया गया है। इनमें झारखंड हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस जया रॉय और अधिवक्ता लक्ष्मी मुर्मू शामिल हैं।

यह नामांकन झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के निर्देश के बाद किया गया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने 14 सितंबर 2026 को स्टेट बार काउंसिल के सचिव को पत्र भेजकर दोनों नामित सदस्यों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

25 सदस्यीय होगी बार काउंसिल

झारखंड स्टेट बार काउंसिल में कुल 25 सदस्यों का प्रावधान है। इनमें 22 निर्वाचित सदस्यों के नाम का गजट नोटिफिकेशन पहले ही जारी किया जा चुका है।

वहीं, एक सीट को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा दो सीटें महिला अधिवक्ताओं में से नामित की जानी थीं। इसी प्रक्रिया के तहत जस्टिस जया रॉय और अधिवक्ता लक्ष्मी मुर्मू को काउंसिल में शामिल किया गया है।

हाईकोर्ट से जारी हुआ पत्र

हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी पत्र में दोनों महिला सदस्यों के रांची स्थित पते का भी उल्लेख किया गया है। पत्र के माध्यम से बार काउंसिल के सचिव को नामांकन से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

दोनों सदस्यों के नामांकन के बाद स्टेट बार काउंसिल में महिला प्रतिनिधित्व को लेकर निर्धारित प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है।

Read more

Local News