Monday, August 17, 2026

झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल में बदलाव, रंजीत कुमार चौधरी को रजिस्ट्रार-सह-सचिव का अतिरिक्त प्रभार.

Share

रांची: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार-सह-सचिव पद की जिम्मेदारी में बदलाव किया है। विभाग ने रंजीत कुमार चौधरी को इस पद का औपबंधिक प्रभार सौंपा है।

रंजीत कुमार चौधरी वर्तमान में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में सहायक निदेशक (औषधि)-I के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें मौजूदा जिम्मेदारी के साथ झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार-सह-सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालना होगा।

प्रशांत कुमार पाण्डेय के स्थान पर नई जिम्मेदारी

स्वास्थ्य विभाग के आदेश में बताया गया है कि प्रशांत कुमार पाण्डेय को अक्टूबर 2024 में रजिस्ट्रार-सह-सचिव पद का औपबंधिक प्रभार दिया गया था। इसके बाद 3 जुलाई 2026 को फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष से इस पद के लिए नए नामों की अनुशंसा मांगी गई थी।

विभाग के अनुसार, निर्धारित अवधि बीतने के बावजूद अनुशंसा प्राप्त नहीं हुई। आदेश में प्रशांत कुमार पाण्डेय से संबंधित कई शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था के तहत रंजीत कुमार चौधरी को नई जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया।

मंत्री की मंजूरी के बाद जारी हुआ आदेश

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, रंजीत कुमार चौधरी को अतिरिक्त प्रभार देने के प्रस्ताव को विभागीय मंत्री की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव के हस्ताक्षर से 17 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया गया।

फिलहाल यह नियुक्ति औपबंधिक व्यवस्था के तहत की गई है। रंजीत कुमार चौधरी अपने मूल पद की जिम्मेदारियों के साथ फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार-सह-सचिव का काम भी देखेंगे।

Read more

Local News