Saturday, May 16, 2026

झारखंड में शुरू होने वाले एसआईआर को लेकर पार्टियों की क्या तैयारी है.

Share

रांची: भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण(SIR) के तीसरे चरण के लिए शेड्यूल घोषित कर दिया है. इस शेड्यूल के अनुसार, झारखंड में 30 जून से SIR शुरू हो जाएगा. 01 अक्टूबर 2026 को आधार मानते हुए झारखंड में 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर सर्वेक्षण का काम किया जाएगा. वहीं इसे लेकर राजनीतिक पार्टियों की तैयारी और स्टैंड के बारे में जानकारी ली गई.

झारखंड में SIR होने की संभावना को देखते हुए कांग्रेस ने पहले से ही मेहनत शुरू कर रखी है. बावजूद इसके वह अभी तक 12,500 से ज्यादा मतदान केंद्रों पर अपना बूथ लेवल एजेंट(BLAs) तक नहीं बना पाई है. झारखंड मुक्ति मोर्चा तो बूथ लेवल एजेंट्स(BLAs) बनाने में कांग्रेस से भी पीछे है. यही हाल राष्ट्रीय जनता दल का है, जिसके मुख्य प्रवक्ता हर पंचायत और प्रखंड स्तरीय नेताओं को SIR को लेकर जरूरी निर्देश देने की बात तो कहते हैं लेकिन स्पष्ट रूप से उनके पास कोई आंकड़ा नहीं है कि कितने बूथों पर उन्होंने पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को बीएलए के रूप में नियुक्त किया है.=

कांग्रेस ने बनाए हैं 17 हजार बीएलए

झारखंड में कांग्रेस के लिए BLAs बनाने के अभियान के नोडल अधिकारी सूर्यकांत शुक्ला कहते हैं कि हमारी पार्टी ने राज्य के किसी भी अन्य दलों से बेहतर प्रदर्शन बीएलए बनाने में किया है. राज्य में कांग्रेस ने बीएलए के रूप में 17 हजार योग्य और जुझारू बीएलए बनाए हैं और उनका प्रशिक्षण भी लगातार चल रहा है.

उन्होंने उम्मीद जताई कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण में जो थोड़ा समय बचा है, उसमें 17 हजार बीएलए के आंकड़ें को और आगे बढ़ाएंगे. उन्होंने कहा कि राज्य में सही से SIR हो, कोई भी मतदाता छूटे नहीं, इस लाइन को केंद्र में रखकर कांग्रेस के बीएलए हर बूथ क्षेत्र में तैनात रहेंगे. बेवजह का कोई भी व्यक्ति मताधिकार से वंचित न हो, यह कांग्रेस सुनिश्चित करेगी.

अभी भी 12,571 मतदान केंद्रों पर कांग्रेस द्वारा बीएलए नहीं बना पाने के सवाल पर सूर्यकान्त शुक्ला ने दावा किया कि कांग्रेस ने बहुत ही बेहतर किया है. अन्य दलों की स्थिति तो हमारी जैसी भी नहीं है. वहीं कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि हमारे BLA तैयार हैं और वह मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी नहीं होने देंगे.

पार्टियों की तैयारी

  • राज्य में कुल 29,571 मतदान केंद्रों पर बनाना है बूथ लेवल एजेंट(BLA)
  • झारखंड कांग्रेस ने बनाएं 17,000 BLAs
  • अभी भी 12,571 मतदान केंद्रों के लिए कांग्रेस नहीं बना पाई है BLAs
  • झारखंड मुक्ति मोर्चा भी शत प्रतिशत मतदान केंद्रों पर BLA बनाने के लक्ष्य से कोसों दूर
  • झामुमो के अनुसार 15,000 के करीब ही पार्टी बना पाया है बीएलए
  • सभी जिलों से BLAs बनाने की अद्यतन रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय भेजने का निर्देश
  • राजद के पास BLAs की संख्या का आंकड़ा नहीं है मौजूद
  • राजद के हर प्रखंड और पंचायत अध्यक्ष को SIR को लेकर दिया गया है निर्देश

झामुमो और राजद नेताओं की प्रतिक्रिया

30 जून से घर-घर जाकर मतदाता सूची का SIR निरीक्षण का काम शुरू होगा. झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि पार्टी ने SIR को चुनाव से ज्यादा महत्वपूर्ण माना है. हम भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग के किसी भी गलत मंसूबे को झारखंड में कामयाब नहीं होने देंगे. तीर-धनुष तो हमारा मान सम्मान है, जरूरत पड़ी तो उसके साथ हमारे कार्यकर्ता हर बूथ पर तैनात होंगे ताकि किसी भी सही व्यक्ति को उसके मताधिकार से वंचित ना किया जा सके.

वहीं राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा कि हम शुरू से कह रहे हैं कि SIR के पीछे की मंशा सही नहीं है. SIR को लेकर प्रदेश अध्यक्ष द्वारा पंचायत से लेकर जिला तक के पदाधिकारियों को निर्देश दिया जा चुका है. बीएलए बनाने की भी प्रक्रिया तेजी से चल रही है. सभी जिलों का आंकड़ा एकत्रित करने का काम जल्द शुरू होगा. कैलाश यादव ने कहा कि हमारी चिंता वे प्रवासी भी हैं जो रोजी रोटी कमाने के लिए दूसरे राज्यों में गए हुए हैं. उनका मताधिकार बचाना राजद की प्राथमिकता होगी.

झारखंड में होने वाले SIR के लिए 29,571 मतदान केंद्रों के लिए बीएलओ लगाए जायेंगे. जिनके ऊपर 2,64,89,777 मतदाता की पहचान करने की जिम्मेदारी होगी. इस प्रक्रिया में BLO को मदद पहुंचानें में BLAs की अहम भूमिका होगी. यही वजह है कि भारत निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों को बूथ लेवल पर अपना BLA बनाने को कहा था. लक्ष्य से दूर रहकर भी कांग्रेस ने जरूर बेहतर कार्य किया है लेकिन झामुमो और राजद BLA बनाने के मामले में अभी काफी पीछे दिखाई देते हैं.

Read more

Local News