रांचीः क्रिकेट में अक्सर कहा जाता है कि नॉकआउट मुकाबले नया इतिहास लिखते हैं. झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग 2026 के पहले सेमीफाइनल में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला.
इस दौरान पूरे लीग चरण में दबदबा बनाने वाली और अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली कोयलांचल सुपर किंग्स को जमशेदपुर स्टीलर्स ने करारा झटका देते हुए 79 रन से हरा दिया. इस शानदार जीत के साथ स्टीलर्स ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि खिताब की सबसे प्रबल दावेदार मानी जा रही सुपर किंग्स का सफर सेमीफाइनल में ही थम गया.

जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में कोयलांचल सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. शुरुआत में उनका फैसला सही साबित होता दिखा जब जमशेदपुर स्टीलर्स ने महज 47 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए. इसके बाद मैदान पर जो हुआ, उसने मैच की दिशा और दशा दोनों बदल दी.
कुमार करण और रवि शर्मा की जोड़ी ने ऐसा तूफान खड़ा किया कि सुपर किंग्स के गेंदबाज सिर्फ दर्शक बनकर रह गए. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 203 रन जोड़कर लीग की सबसे यादगार साझेदारियों में से एक को अंजाम दिया. कुमार करण ने आक्रामक बल्लेबाजी की मिसाल पेश करते हुए 63 गेंदों पर नाबाद 143 रन ठोक दिए. उनकी पारी में चौकों और छक्कों की ऐसी बरसात हुई जिसने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया. दूसरी ओर रवि शर्मा ने भी 46 गेंदों पर नाबाद 81 रन बनाकर शानदार साथ निभाया. दोनों की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर स्टीलर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया.

251 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. टीम के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में असफल रहे और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. हालांकि कप्तान उत्कर्ष सिंह ने एक छोर संभालते हुए शानदार संघर्ष किया. उन्होंने महज 46 गेंदों पर 101 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली और आखिरी दम तक टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला. रॉबिन मिंज के 14 रन के अलावा कोई बल्लेबाज उल्लेखनीय योगदान नहीं दे सका.

स्टीलर्स के गेंदबाजों ने भी बल्लेबाजों के प्रदर्शन को पूरी तरह सार्थक किया. प्रतीक रंजन और एमडी कौनेन कुरैशी ने तीन-तीन विकेट लेकर सुपर किंग्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि अमन कुमार सिंह ने दो महत्वपूर्ण विकेट झटके. पूरी टीम 17.3 ओवर में 171 रन पर सिमट गई और जमशेदपुर स्टीलर्स ने 79 रन की यादगार जीत दर्ज कर ली.

इस मुकाबले की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि लीग चरण में इन दोनों टीमों के बीच हुए मैच में कोयलांचल सुपर किंग्स ने भी ठीक 250/2 का स्कोर बनाकर स्टीलर्स को हराया था. लेकिन सेमीफाइनल के बड़े मंच पर जमशेदपुर ने उसी अंदाज में पलटवार करते हुए पुराना हिसाब बराबर कर लिया. यही वजह है कि इस जीत को टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है.
143 रन की ऐतिहासिक पारी खेलने वाले कुमार करण को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. अब जमशेदपुर स्टीलर्स की नजर फाइनल में खिताब जीतने पर होगी, जबकि पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाली कोयलांचल सुपर किंग्स को निराशा के साथ टूर्नामेंट से विदाई लेनी पड़ी. फाइनल से पहले स्टीलर्स ने यह साफ कर दिया है कि खिताब की जंग में उन्हें हल्के में लेना किसी भी टीम के लिए भारी पड़ सकता है.


