Saturday, June 6, 2026

झारखंड के दौरे पर आए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने रांची में एनडीए गठबंधन के सहयोगियों के नेताओं के साथ बैठक की.

Share

रांचीः झारखंड दौरे पर आए भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने एनडीए के घटक दलों के नेताओं के साथ बैठक की. प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई इस अनौपचारिक बैठक में मुलाकात के दौरान एनडीए नेताओं ने भाजपा अध्यक्ष के झारखंड आगमन पर उनका स्वागत और अभिनंदन किया.

एनडीए को मजबूत करने की बात की गई

भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात करने वालों में आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, जदयू विधायक सरयू राय, आजसू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान, विधायक जनार्दन पासवान शामिल थे. अनौपचारिक मुलाकात के बहाने राज्यसभा चुनाव को लेकर आंशिक चर्चा हुई और एनडीए की मजबूती पर भी बात की गई.

गौरव वल्लभ का नाम लगभग तय हो गया है: सरयू राय

जदयू विधायक सरयू राय ने कहा कि अनौपचारिक इस मुलाकात के दौरान बीते समय की बातों के साथ-साथ वर्तमान राजनीति की स्थिति पर चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में एनडीए एकजुट है और गौरव वल्लभ के नाम पर करीब-करीब मुहर लग चुकी है. भाजपा द्वारा इसकी औपचारिक घोषणा करना अभी बाकी है.

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान राजनीतिक चर्चा के साथ-साथ आपसी संबंधों को भी मजबूती मिली है. उन्होंने राज्यसभा चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए कहा कि फिलहाल इसपर कोई विचार नहीं किया है.

संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ राज्यसभा चुनाव को लेकर बैठक

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के दो दिवसीय झारखंड दौरे के पहले दिन भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के सांसद और विधायकों के साथ बैठक हुई. इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती को लेकर खास तौर पर चर्चा होती रही. पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड में संगठन को मजबूत करने और कमल खिलाने के लिए स्पष्ट संदेश दिया है.

2029 में झारखंड में भाजपा सरकार बनाएगीः सीपी सिंह

विधायक सीपी सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ हुई इस बैठक में मुख्य रूप से संगठनात्मक मजबूती पर ही जोर दिया गया और हम लोगों को उम्मीद है कि 2029 के चुनाव में झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी.

Read more

Local News