Monday, June 22, 2026

झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में आज बादल छाए रहने की संभावना है, कुछ जगहों पर बारिश भी हो सकती है.

Share

रांची: झारखंड में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं. मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक आज यानी 22 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

मौसम केंद्र ने राज्य के दक्षिणी एवं निकटवर्ती मध्य भागों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है. इन क्षेत्रों में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा और धनबाद जिले शामिल हैं. यहां कहीं-कहीं वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. इसके अलावा राज्य के शेष हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

Rain-storm alert issued in many districts of Jharkhand today

23 जून को कैसा रहेगा मौसम?

23 जून को भी राज्य में मौसम का यही रुख बना रहेगा. उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

24 जून का पूर्वानुमान

24 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और निकटवर्ती उत्तर-मध्य क्षेत्रों को छोड़कर बाकी हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. कई इलाकों में गर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं.

Rain-storm alert issued in many districts of Jharkhand today

मौसम में बदलाव की वजह?

राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव के साथ-साथ कई मौसम प्रणालियों की सक्रियता के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक, वातावरण में नमी बढ़ने और कई ट्रफ के प्रभाव से आने वाले दिनों में कई इलाकों में बादल छाए रहने, गरज-चमक और वर्षा की स्थिति बन सकती है.

उत्तर भारत से लेकर बिहार तक फैली मौसमी द्रोणिका अभी भी सक्रिय है. इसके अलावा झारखंड से दक्षिण दिशा की ओर एक अन्य ट्रफ प्रणाली गुजर रही है. वहीं, निचले वायुमंडलीय स्तर पर पूर्वी बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच भी एक द्रोणिका बनी हुई है. इन सभी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से राज्य के ऊपर नमी पहुंच रही है, जिससे बादलों का विकास हो रहा है.

तापमान का हाल

झारखंड में मानसूनी गतिविधियों के बीच रविवार को तापमान में जिलावार काफी अंतर देखने को मिला. मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा. वहीं चाईबासा में 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा. दूसरी ओर जमशेदपुर में 32.6 डिग्री और बोकारो में 35.1 डिग्री तापमान रहा. इन दोनों जिलों में तापमान सामान्य की तुलना में करीब 2 डिग्री कम रहा.

Read more

Local News