Saturday, April 25, 2026

झामुमो ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को बड़ा आरोप लगाया है.

Share

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच चुनाव आयोग, भाजपा और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बुधवार को रांची में कहा कि मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया लोकतंत्र के साथ “भद्दा मजाक” है.

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, “23 अप्रैल का दिन हिंदुस्तान के लोकतंत्र के लिए बड़ा दिन बनने वाला है. 1952 में पहला चुनाव हुआ तब सुकुमार सेन ने तमाम परेशानियों के बावजूद वोटर रोल के साथ चुनाव कराया था. लेकिन आज उसी बंगाल में इलेक्टोरल रोल को स्थगित कर चुनाव कराए जा रहे हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर करीब 14.5 लाख मतदाताओं को न्यायाधिकरण के समक्ष लटकाकर यह संदेश दिया गया है कि “तुम इस बार वोट नहीं दोगे, अगले बार दे देना”. यह लोकतंत्र की हत्या है.

झामुमो नेता ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अब चुनाव आयोग और भाजपा का ‘महामृत्युंजय मंत्र’ बन गया है. पहले मतदाता सूची में केवल तीन फॉर्म होते थे फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने के लिए), फॉर्म-7 (मृत या स्थानांतरित नाम काटने के लिए) और फॉर्म-8 (नाम सुधार के लिए). लेकिन अब आयोग “निराला खेल” खेल रहा है.

उन्होंने बताया कि झारखंड में भी SIR के नाम पर 12.5 लाख नाम काटे जा चुके हैं. भट्टाचार्य ने चेतावनी दी, “चुनाव आयोग गंदा खेल खेल रहा है, लेकिन हम तैयार हैं. झारखंड में SIR के नाम पर कोई गड़बड़ी नहीं होने देंगे.”

सुप्रियो भट्टाचार्य ने पूछा, “मकानों की गिनती क्यों हो रही है? इसके पीछे का रहस्य क्या है? रिटायर हर पेशे में होते हैं, किरायेदार को कैसे पता चलेगा कि उसका होल्डिंग नंबर क्या है?”

झामुमो नेता ने कहा कि पहली बार बंगाल की विधानसभा लड़ाई राजनीतिक दलों के बीच नहीं, बल्कि सत्तारूढ़ दल और चुनाव आयोग के बीच हो रही है. मतदान के दिन मोटरसाइकिल और स्कूटर पर सिंगल राइडर की अनुमति पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने इसे “फासीवाद” करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल को ऐसा बना दिया गया है मानो “ईरान-अमेरिका का युद्ध स्थल” हो. देशभर के चुनावों में करीब 3.5 लाख पैरा मिलिट्री फोर्स लगाए जाते हैं, लेकिन केवल बंगाल में 2.5 लाख ITBP, SSB, CRPF, CISF और RPF के जवानों को तैनात किया गया है. इसके अलावा एंटी-माइंस वाहन और बख्तरबंद गाड़ियां भी लगाई गई हैं.

भाजपा की हार तय, झारखंड पर नजर

सुप्रीय भट्टाचार्य ने दावा किया, “तमाम हथकंडों के बावजूद बंगाल में भाजपा की हार तय है. बंगाल तो ट्रेलर है, भाजपा को साधना तो झारखंड है. लेकिन हम यहां तैयार हैं, चुप नहीं बैठेंगे.” झामुमो ने SIR प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की तथा कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दल एकजुट होने की अपील की.

Read more

Local News