Saturday, July 11, 2026

 जहानाबाद में होमगार्ड की बहाली 19 जून से, 317 सीट के लिए आए 19 हजार आवेदन

Share

जहानाबाद में गृह रक्षा वाहिनी की भर्ती 19 जून से शुरू होगी। 317 पदों के लिए हजारों आवेदन आए हैं। दौड़ सुबह होगी और उसी दिन शारीरिक परीक्षा भी होगी। एडमिट कार्ड ऑनलाइन अपलोड करना होगा और गड़बड़ी होने पर एफिडेविट देना होगा। पुरुषों के लिए ऊंचाई 162.56 सेमी और महिलाओं के लिए 153 सेमी होनी चाहिए। दौड़ के दौरान चिप लगाई जाएगी और वीडियोग्राफी भी होगी।

जहानाबाद।  जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) की बहाली प्रक्रिया 19 जून से पुलिस लाइन के मैदान में शुरू होगी। अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड पर निर्धारित तारीख को बहाली में शामिल होने के लिए पहुंचना होगा। गर्मी को देखते हुए दौड़ भोर में ही कराया जाएगा। दौड़ के बाद ऊंची कूद, लंबी कूद,गोला फेंक एवं मेडिकल चेकअप भी उसी दिन पूर्ण कर लिया जाएगा, ताकि दूसरे दिन अन्य अभ्यर्थी को मौका मिले।जिले में 317 सीट के लिए 19 हजार पुरुष व पांच हजार महिलाओं द्वारा आवेदन जमा किया गया है। बहाली शुरू होने से एक सप्ताह पूर्व अभ्यर्थियों को स्वयं आनलाइन एडमिट कार्ड अपलोड करना होगा। यदि एडमिट कार्ड में किसी का नाम, जन्म तिथि, लिंग या अन्य किसी प्रकार की गलती रहने पर अभ्यर्थी को प्रथम श्रेणी दंडाधिकारी से एफिडेविट करा कर बहाली की प्रक्रिया में शामिल होने के पूर्व दिखाना होगा।किसी अभ्यर्थी द्वारा यदि समय रहते इस कार्य को नहीं कराया जाता है तो उन्हें बहाली से वंचित होना पड़ सकता है। जिस अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड में बहाली की तिथि निर्धारित है उसी दिन उन्हें बहाली की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए मौका मिलेगा। अभ्यर्थी को पहचान पत्र के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड ओरिजिनल साथ लेना जरूरी है।

किसी कागजात का फोटोकॉपी या बिना फोटो का परिचय पत्र मान्य नहीं होगा। गृह रक्षा वाहिनी की वरीय समादेष्टा प्रभा कुमारी ने बताया कि नवादा के प्रभार में रहने के कारण पहले नवादा में होमगार्ड की बहाली की प्रक्रिया शुरू है। जहानाबाद जिले में बहाली की प्रक्रिया 19 जून से शुरू होगी। शारीरिक योग्यता दक्षता परीक्षा कुल 15 अंकों की होगी, जिसमें ऊंची कूद, लंबी कूद एवं गोला फेंक प्रतिस्पर्धाओं में अलग-अलग अधिकतम पांच अंक होगें।यदि कोई अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा की निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित नहीं होते हैं तो उन्हें दूसरी तिथि को मौका नहीं मिलेगा। बहाली में पुरुष अभ्यर्थी की ऊंचाई 162.56 सेमी व महिला की ऊंचाई 153 सेमी होनी चाहिए। सीना 31 इंच यानी 79 सेमी होना जरूरी है। महिला अभ्यर्थियों का सीना माप नहीं होगा

पुरुष अभ्यर्थी को छह मिनट में 1600 मीटर की दौड़ लगानी होगी। महिलाओं को 800 मीटर की दौड़ पांच मिनट में पूरी करनी होगी। कम से कम तीन वर्ष की सेवा गृह रक्षा वाहिनी बिहार को देने की सहमति पर नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी।दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों के पैर में चिप लगाई जाएगी, जो समय स्वतः दर्ज करेगी, गोला फेंक की दूरी लेजर लाइट से मापी जाएगी। प्रत्येक प्वाइंट पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। वीडियोग्राफी भी होगी। थर्ड जेंडर के लिए शारीरिक मापदंड तथा शारीरिक दक्षता परीक्षा का मापदंड महिला अभ्यर्थियों के समान होगा।

Table of contents [hide]

Read more

Local News