जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके IPL में कदम रखा हैं. वो रणजी ट्रॉफी में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी थे, जिन्होंने 60 विकेट लिए थे. फाइनल मैच में उनकी मैच-विनिंग गेंदबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने अपना पहला रणजी खिताब जीता था.
आकिब नबी को IPL ऑक्शन 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को पछाड़ते हुए 8.40 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था, लेकिन टीम ने अभी तक इस युवा तेज गेंदबाज को अपनी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दे पाई है. इस बारे में दिल्ली के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल ने 8 अप्रैल को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ होने वाले मैच से पहले कहा कि टीम अभी तक इस तेज गेंदबाज को अपनी प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं कर पाई है.
आकिब नबी खेलने के लिए तैयार हैं
अरुण जेटली स्टेडियम में पत्रकारों से बात करते हुए, मुनाफ ने नबी की जमकर तारीफ की और उन्हें टीम के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक बताया. कोच ने कहा, DC नबी को IPL में मौका देने के लिए काफी उत्सुक है, खासकर उनकी शानदार काम करने की लगन को देखते हुए.’
उन्होंने बताया कि जहां IPL के दौरान ज्यादातर गेंदबाज नेट्स में पांच से छह ओवर ही फेंकते हैं, वहीं नबी खुद को और ज्यादा मेहनत करने के लिए प्रेरित करते हैं और 10 से 12 ओवर तक गेंदबाजी करते हैं. वह बहुत अच्छा लड़का है. उसकी काम करने की लगन जबरदस्त है और उसने पहले कभी IPL में नहीं खेला है, न ही वह इस माहौल का हिस्सा रहा है. वह बहुत मेहनत कर रहा है.
मुनाफ ने ये भी कहा, ‘वो ज्यादा से ज्यादा गेंदबाजी करने की कोशिश करता है लेकिन हमें जाकर उसे गेंदबाजी करने से रोकना पड़ता है. तब भी, वह गुजारिश करता है, ‘सर, प्लीज मुझे छह और गेंदें फेंकने दीजिए. वह सीखने के लिए बहुत उत्सुक है और अपनी गेंदबाजी में नए-नए वेरिएशन लाने के लिए बेताब है.’
आकिब नबी IPL के माहौल में ढल रहे हैं
अकिब नबी को अब तक मौका न मिलने की सबसे बड़ी वजह बताते हुए मुनाफ ने कहा, घरेलू क्रिकेट और IPL की बल्लेबाजी के स्तर में बड़े फर्क है. घरेलू क्रिकेट में, अच्छी गेंदें अच्छी होती हैं और खराब गेंदें खराब. बल्लेबाज हमेशा आपकी अच्छी गेंदों पर छक्का नहीं मार पाते. लेकिन यहां, अच्छी गेंदों पर भी रन बन सकते हैं. इसलिए वह इस पहलू पर अपनी गेंदबाजी को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहा है. और टीम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि नबी इस बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार हों.’
आकिब नबी को जरूर मौका मिलेगा
दिल्ली के कोच ने ये साफ कर दिया कि जब भी टीम का कॉम्बिनेशन सही बैठेगा, तो आकिब को जरूर मौका मिलेगा. आकिब नबी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है. हमने उससे हमेशा तैयार रहने के लिए कहा है. जैसे ही हमें पहला मौका मिलेगा, हम उसे जरूर खिलाएंगे. अगर किसी मैच में हम ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर किसी बल्लेबाज को नहीं खिलाते हैं, तो हम आकिब नबी को टीम में शामिल करेंगे.’


