जमशेदपुर: डुमरी विधायक एवं झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो शनिवार को जमशेदपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अलग झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे और उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जयराम महतो का कार्यकर्ताओं द्वारा कांड्रा मोड़ पर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह समर्थकों के साथ बाइक रैली के रूप में गम्हरिया, आदित्यपुर और बिष्टुपुर होते हुए चमरिया गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। यहां शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद उनका काफिला कदमा उलियान स्थित समाधि स्थल जाएगा, जहां श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वे शामिल होंगे।
इसके बाद जयराम महतो गुरमा हाट मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा में उनके जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं, युवाओं के रोजगार, राज्य के विकास और अन्य समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखने की संभावना है।
दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की हैं। बड़ी संख्या में समर्थकों के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
