Sunday, May 3, 2026

छपरा नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए साहेबगंज से कटहरीबाग तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

Share

छपरा नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए साहेबगंज से कटहरीबाग तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस अभियान में सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माणों और कब्जों को हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी

छपरा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर निगम के नगर प्रबंधक अरविंद कुमार के नेतृत्व में साहेबगंज से कटहरीबाग मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सरकारी सड़क और नाले पर अवैध रूप से किए गए कब्जों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

बताया गया कि उक्त मार्ग पर कुछ दिन पूर्व भी अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन पुनः लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया गया था। दोबारा अतिक्रमण की सूचना मिलने पर नगर निगम ने फिर से सख्त कार्रवाई शुरू की।

नगर प्रबंधक अरविंद कुमार ने बताया कि सड़क और नाले पर कब्जा करने वालों को पहले नोटिस दिया गया था तथा माइकिंग के माध्यम से स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश भी दिया गया, लेकिन इसके बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। ऐसे में पुनः अभियान चलाना पड़ा।

अभियान के दौरान कई अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त किया गया, वहीं कई दुकानदारों द्वारा नाले और सड़क पर लगाए गए काउंटर व शोकेस को जब्त कर लिया गया। साहेबगंज चौक पर कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया, लेकिन नगर निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए अवैध काउंटर जब्त कर लिया।

नगर प्रबंधक ने स्पष्ट कहा कि बार-बार अतिक्रमण हटाने के बावजूद दोबारा कब्जा करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान जब्त सामान को ढोने के लिए ट्रैक्टर उपलब्ध नहीं होने पर नगर प्रबंधक ने नाराजगी जताई और साथ चल रहे निगम कर्मियों को फटकार लगाते हुए कहा कि काम पूरी गंभीरता से किया जाए, समय की बर्बादी बर्दाश्त नहीं होगी। नगर निगम की इस सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

जिले में लगातार चल रहे अभियान के चलते लोग बुलडोजर और निगम की टीम को देखते ही स्वयं अपना अतिक्रमण हटाने लगे हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मुहिम आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

Read more

Local News