गोपालगंज। डीएम पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में शुक्रवार को इनवेस्टर मीट, सिंगल विंडो क्लियरेंस कमेटी तथा पीएमएफएमई, पीएमईजीपी एवं पीएम विश्वकर्मा योजना की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उद्यमियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जिला उद्योग केंद्र, बियाडा तथा बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बिहार इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पालिसी (बीआईपीपी)- 2025, सिंगल विंडो क्लियरेंस प्रणाली तथा बियाडा की भूमि उपलब्धता संबंधी जानकारी दी गई।
साथ ही जिले में प्रस्तावित प्लास्टिक रिसाइक्लिंग प्लांट, सीबीजी प्लांट, मैट्रेस निर्माण इकाई तथा फिल्म प्लाइवुड परियोजनाओं की जानकारी साझा की गई।
28 करोड़ का होगा निवेश
बताया गया कि इन परियोजनाओं में लगभग 28 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश होगा, जिससे करीब 300 नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
इस दौरान उद्यमियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया। इसके बाद पीएमएफएमई, पीएमईजीपी एवं पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
गत वर्ष स्वीकृत आवेदनों और भुगतान के बीच काफी अंतर पाए जाने पर डीएम ने सभी बैंकों के जिला समन्वयकों को मामलों की पुनः जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में लक्ष्य के अनुरूप स्वीकृति एवं भुगतान की गति तेज करने पर जोर दिया गया।


